दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली में बढ़ा यमुना का जलस्तर

Sonam
12 July 2023 3:38 AM GMT
दिल्ली में बढ़ा यमुना का जलस्तर
x

देश भर में बारिश का दौर शुरू हो चुका है। खासकर उत्तर भारतीय राज्यों में जमकर बारिश हो रही है। वहीं, पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने बारिश को लेकर नई जानकारी दी है।

IMD ने कई राज्यों में जारी की चेतावनी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 13 जुलाई तक पूर्वोत्तर भारत और सिक्किम में अत्यधिक बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही आईएमडी ने यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा की भविष्यवाणी की है। इधर, बाढ़ के बाद कुछ पर्यटक हिमाचल और उत्तराखंड में फंसे हुए हैं।

दिल्ली में हल्की बूंदाबांदी के आसार

आईएमडी ने बताया कि दिल्ली का मौसम अभी तीन से चार दिनों तक साफ रहने वाला है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 15-16 जुलाई के बाद तेज बारिश होने की संभावना है। हालांकि, इससे पहले कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, दिल्ली में यमुना नदी के जलस्तर में वृद्धि हो रही है, जिससे नीचले इलाके में बाढ़ का खतरा बनने लगा है।

हिमाचल में बारिश के बाद भूस्खलन

मौसम विभाग ने हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश की चेतावनी जारी की है। हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के बाद अचानक बाढ़ आ गई, जिससे भूस्खलन और पुल ढह गए हैं।

उत्तराखंड में बारिश से कई लोगों की मौत

उत्तराखंड में बारिश के कारण पिछले 24 घंटे में काफी नुकसान हुआ है। गढ़वाल मंडल में अलग-अलग हादसों में पांच तीर्थ यात्रियों सहित आठ लोगों की मौत हो गई है और 14 लोग घायल हुए हैं।

बिहार के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि बिहार की राजधानी पटना सहित राज्य में अगले चार दिनों तक मानसून प्रभावी रहेगा। इसके परिणामस्वरूप कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, किशनगंज, अररिया, मधुबनी, सीतामढ़ी, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार व मधेपुरा जिले में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

Next Story