दिल्ली-एनसीआर

यमुना के जल स्तर में वृद्धि लगातार जारी, 5,500 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया

Admin Delhi 1
28 Sep 2022 7:44 AM GMT
यमुना के जल स्तर में वृद्धि लगातार जारी, 5,500 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया
x

दिल्ली न्यूज़: दिल्ली में यमुना नदी मंगलवार देर रात खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर 206.48 मीटर पर पहुंच गई। यमुना के जल स्तर में लगातार वृद्धि जारी है। दिल्ली सरकार के राजस्व विभाग ने हथिनी कुंड से छोड़े जाने वाले पानी के मद्देनजर अधिकारियों को आईटीओ और ओखला बैराज खोलकर पानी की निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों से अब तक 5,500 से ज्यादा लोगों को निकाला है। राजधानी में यमुना नदी के तटवर्ती निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को निकालने के लिए अलर्ट घोषित किया है। लोगों को डूब क्षेत्र से निकालने के लिए 51 नाव लगायी गई है। बता दें कि यमुना सोमवार देर रात 205.33 मीटर के खतरे के निशान को पार कर गई थी, जिसके बाद प्रशासन द्वारा निचले इलाकों से लोगों को निकालने की कार्रवाई की जा रही है। पूर्वी दिल्ली के जिलाधिकारी अनिल बंका ने कहा कि लोगों को कंचन कॉलोनी, राजघाट डिपो के पास, मंजनू का टीला, काली घाट व श्मशान घाट के पास बने तंबुओं में ले जाया गया है। यहां रहने के साथ ही भोजन, पानी व अन्य जरूरी सुविधाएं सरकार की ओर से मुहैया करायी जा रही है। उन्होंने कहा कि बुधवार से जल स्तर गिरने की संभावना है। गैर-सरकारी संगठनों की भी मदद ला जा रही है। उन्होंने बताया कि स्कूलों और कम्युनिटी सेंटर में भी इंतजाम किए गए हैं, लेकिन बाढ़ प्रभावित लोग वहां जाने को तैयार नहीं हैं। ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार बारिश के बाद इस साल जलस्तर में अब तक की सबसे अधिक वृद्धि है।

नदी के निचले इलाकों को खाली कराया जा रहा है और लोगों को ऊंचाई वाले स्थानों पर भेजा जा रहा है। लोगों को सावधान करने के लिए मुनादी की जा रही है। दिल्ली में नदी के निकटवर्ती निचले इलाकों को बाढ़ संभावित क्षेत्र माना जाता है, जहां लगभग 37,000 लोग रहते हैं। दो महीने के भीतर यह दूसरी बार है जब अधिकारियों ने बाढ़ जैसे हालात के कारण निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है। इससे पहले यमुना नदी में जलस्तर 12 अगस्त को खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर पहुंच गया था, जिसके बाद तटवर्ती निचले इलाकों से करीब 7,000 लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थान पहुंचाया गया था। बता दें कि उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तरी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। दिल्ली में भी 21 सितंबर से चार दिन तक बारिश हुई थी।

Next Story