दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली में यमुना खतरे के निशान के ऊपर, मंडराया बाढ़ का खतरा

Suhani Malik
27 Sep 2022 7:52 AM GMT
दिल्ली में यमुना खतरे के निशान के ऊपर, मंडराया बाढ़ का खतरा
x

दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पर बाढ़ का खतरा फिर से मंडरा रहा है। यमुना नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। ऐसे में डूब क्षेत्र में नदी का पानी पहुंच चुका है। आज सुबह यमुना का जलस्तर 206.16 मीटर दर्ज किया गया। जो खतरे के निशान से 83 सेंटीमीटर ऊपर है। मालूम हो कि दिल्ली में यमुना का डेंजर लेवल 205.33 मीटर है। जिसे यमुना पार कर चुका है। यमुना के डेंजर लेवल क्रॉस कर जाने के बाद नदी के तटवर्ती निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को निकालने के लिए 'अलर्ट' घोषित किया गया है।

पूर्वी दिल्ली के डीएम अनिल बंका ने कहा कि जलस्तर के 206 मीटर के स्तर को पार करने के बाद मंगलवार सुबह लोगों को निकालने के लिए 'अलर्ट' जारी किया गया। बताया गया कि ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार बारिश के बाद इस साल जलस्तर में अब तक की सबसे अधिक वृद्धि है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इससे पहले रविवार को यमुना का जलस्तर चेतावनी के निशान (204.5 मीटर) के करीब पहुंचा था। जो अब खतरे के निशान को पार कर चुका है। जानकारों की माने तो उत्तर भारत के पहाड़ों में हो रही भारी बारिश का असर दिल्ली में दिखने लगा है। इससे यमुना उफान पर है। इससे पहले बीते अगस्त महीने में यमुना नदी का जलस्तर 205.33 मीटर पहुंच गया था. जो खतरे के निशान से ऊपर था। तब भी लोगों को हाईवे किनारे अस्थायी तंबू में शरण लेनी पड़ी थी।

Next Story