दिल्ली-एनसीआर

Anmol Industries में श्रमिकों का विरोध प्रदर्शन, यूनियन ने प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

Ratna Netam
29 Jun 2026 6:57 PM IST
Anmol Industries में श्रमिकों का विरोध प्रदर्शन, यूनियन ने प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप
x
मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

Noida नोएडा : ग्रेटर नोएडा के उद्योग विहार स्थित अनमोल इंडस्ट्रीज लिमिटेड में सोमवार को कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कर्मचारियों ने कंपनी के मुख्य गेट पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कंपनी परिसर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। विरोध प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधे हुए ही उत्पादन कार्य शुरू कर दिया।अनमोल इंडस्ट्रीज इम्प्लाईज यूनियन और सीटू के नेतृत्व में आयोजित गेट मीटिंग में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व सीटू के जिलाध्यक्ष एवं यूनियन अध्यक्ष मुकेश कुमार राघव, उपाध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, मंत्री मनोज वैश्य, कोषाध्यक्ष ईश्वर दत्त शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य अशोक कुमार, अनिल, जोगेंद्र सैनी और अंजलि शरण सहित अन्य पदाधिकारियों ने किया।

सभा को संबोधित करते हुए यूनियन नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर 31 दिसंबर 2025 को प्रबंधन को मांग पत्र सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई सहमति नहीं बन सकी है। उनका कहना है कि जब तक सम्मानजनक समझौता नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।यूनियन के महामंत्री एवं सीटू जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अप्रैल 2026 से घोषित महंगाई भत्ते का लाभ अभी तक कर्मचारियों को नहीं दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रबंधन अकुशल श्रमिकों से अर्धकुशल और अर्धकुशल श्रमिकों से कुशल श्रमिकों का कार्य करा रहा है, जिससे उत्पादन, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर असर पड़ रहा है।

यूनियन ने यह भी आरोप लगाया कि श्रम विवाद के समाधान में श्रम विभाग अपेक्षित भूमिका नहीं निभा रहा है। साथ ही पुलिस पर कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव बनाने का आरोप भी लगाया गया। यूनियन का दावा है कि रविवार रात यूनियन अध्यक्ष मुकेश कुमार राघव के घर पर पुलिस पहुंची, जिसकी संगठन ने निंदा की है।हालांकि, इन आरोपों पर कंपनी प्रबंधन और पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कर्मचारियों की मांगों पर उचित समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।

Next Story