दिल्ली-एनसीआर

नॉएडा अथॉरिटी का नाला खोदते हुए अंदर दबे मजदूर, दोनों की हालत नाजुक

Admin Delhi 1
3 Jan 2023 1:56 PM GMT
नॉएडा अथॉरिटी का नाला खोदते हुए अंदर दबे मजदूर, दोनों की हालत नाजुक
x

एनसीआर नॉएडा न्यूज़: नोएडा में मंगलवार की दोपहर एक बार फिर बड़ा हादसा हुआ है। नोएडा विकास प्राधिकरण के नाले की खुदाई करते वक्त सेक्टर-100 में मजदूर दब गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। दोनों मजदूरों को निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलने के बाद थाना सेक्टर-39 पुलिस भी मौके पर पहुंची।

थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सेक्टर-100 के पास नाले की सफाई करते समय दीवार गिर गई। जिसके मलबे में दो मजदूर दब गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना सेक्टर-39 पुलिस ने दोनों को रेस्क्यू करके बाहर निकाला। उपचार के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया है। दोनों की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। नोएडा के सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश वर्मा ने बताया कि सेक्टर-100 के पास नोएडा प्राधिकरण नाले की सफाई करवा रहा है। नाले की सफाई के काम में लगे मजदूर नाले के अंदर उतर कर सफाई कर रहे थे। तभी नाले की कमजोर दीवार भरभरा कर गिर गई। दो मजदूर दीवार के मलबे के नीचे दब गए। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पुलिस पहुंची। दोनों सफाई कर्मियों को मलबे से निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मजदूर हो रहे हैं हादसों के शिकार: नोएडा अथॉरिटी के कामकाज में मजदूर लगातार हादसों के शिकार हो रहे हैं। यह कोई पहला हादसा नहीं है। इससे पहले शहर में जलवायु विहार हाउसिंग सोसायटी के पास नाले का निर्माण किया जा रहा था। लापरवाही से किए गए काम में 20 सितंबर 2022 को हाउसिंग सोसाइटी की दीवार भरभरा कर गिर पड़ी थी। जिसके नीचे कई मजदूर दब गए थे। उस हादसे में 4 मजदूरों की मौत हुई थी। नोएडा अथॉरिटी की मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु महेश्वरी ने अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी मानवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में एक जांच समिति का गठन किया था। अभी तक जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है। पुलिस ने इस मामले में ठेकेदार और उसके सहायक को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। प्राधिकरण के उप महाप्रबंधक से भी पूछताछ की गई थी।

युवा हैं दोनों मजदूर: नोएडा पुलिस ने बताया कि मंगलवार को सेक्टर-100 लॉट्स बुलवर्ड सोसायटी के गेट नंबर एक के पास नाले का निर्माण कार्य चल रहा था। इस दौरान मजदूर अजीत कुमार पुत्र जय सिंह और हरी किशोर पुत्र हर कुशल कार्य कर रहे थे। उसी समय नाले की दीवार के नीचे आने से दब गए। मजदूरों के नाले में दबने की सूचना पर पुलिस मौके के पर पहुंची। टीम ने दोनों मजदूरो को नाले से बाहर निकालकर तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। अजीत कुमार और हरी किशोर का नियो अस्पताल में इलाज चल रहा है। अजीत कुमार बुलंदशहर जिले में नरसैना थानाक्षेत्र के गांव सरना का निवासी है। उसकी उम्र करीब 32 वर्ष है। वह अभी नोएडा के निठारी गांव में रह रहा है। हरी किशोर झारखण्ड में दुमका का निवासी है और उसकी उम्र 28 वर्ष है।

Next Story