- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- दिल्ली में जल्द ही बस...
दिल्ली-एनसीआर
दिल्ली में जल्द ही बस चलाते दिखेंगी महिलाएं, महिला ड्राइवरों की निकलेगी बंपर भर्ती
Deepa Sahu
21 March 2022 12:16 AM IST

x
जल्द ही दिल्ली में महिलाएं बस चलाते दिखेंगी।
नई दिल्ली, जल्द ही दिल्ली में महिलाएं बस चलाते दिखेंगी। पिछले सप्ताह बैठक कर परिवहन विभाग ने इस संबंध में जल्द प्रक्रिया पूरी करने के डीटीसी को निर्देश दिए हैं, ताकि जल्द से जल्द महिलाओं की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा सके। बसों में ड्राइवर के लिए महिलाओं की भर्ती का उद्देश्य उन्हें आगे बढ़ाया जाना है। यह प्रस्ताव परिवहन विभाग में लंबित था जिसे कुछ समय पहले स्वीकृति दे दी गई है। सरकार के निर्देश के तहत राजधानी में लो फ्लोर बसों में बड़ी संख्या में महिला बस ड्राइवर की भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।
इस विषय पर स्वीकृति देने के लिए गत दिनों आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में शीर्ष अधिकारियों के समक्ष यह तथ्य लाया गया कि अब तक जो आंकड़े उपलब्ध हैं उनके अनुसार महिलाएं ज्यादा सावधानी से वाहन चलाती हैं जिस कारण मात्र एक प्रतिशत महिलाएं खतरनाक दुर्घटना में शामिल पाई जाती हैं। सिर्फ 1.7 प्रतिशत महिला ड्राइवर ने यातायात नियमों का उल्लंघन किया।
इसकी तुलना में पुरूष ड्राइवर ज्यादा दुर्घटना करते हैं या नियमों का ज्यादा उल्लंघन करते हैं। इसलिए दिल्ली सरकार जो लो फ्लोर बसें खरीद रही है उनमें ज्यादा महिला ड्राइवर की नियुक्ति की जाएगी। महिलाओं को सिर्फ लो फ्लोर आटोमेटिक बसों में नियुक्त किया जाएगा।
विभाग में ड्राइवर भर्ती के नियम में किया बदलाव
दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग ने सरकार के विभागों में ड्राइवर भर्ती नियम में महत्वपूर्ण परिवर्तन किया है। अब तक पांच साल का ड्राइविंग अनुभव होने पर दिल्ली सरकार के किसी भी विभाग में ड्राइवर नियुक्त करने का प्रविधान था। इस नियम में दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने परिवर्तन करने का अनुरोध किया था। डीटीसी के अनुरोध पर परिवहन विभाग के नए नियम के अनुसार ड्राइविंग लाइसेंसधारी को तीन साल का ड्राइविंग अनुभव होने पर दिल्ली परिवहन निगम में ड्राइवर नियुक्त किया जा सकेगा।बता दें कि दिल्ली में डीटीसी बसों में महिलाओं का टिकट फ्री है। माना जा रहा है कि बसों में महिलाओं की तैनाती से महिला यात्रियों को और सहूलियत मिलेगी।
Next Story





