दिल्ली-एनसीआर

सड़क दुर्घटना में महिला की मौत, एक घायल

Rani Sahu
7 Aug 2023 10:21 AM GMT
सड़क दुर्घटना में महिला की मौत, एक घायल
x
नई दिल्ली (आईएएनएस)। उत्तरी दिल्ली में सोमवार को एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक 22 वर्षीय महिला की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन को एक मारुति कार से दुर्घटना के संबंध में एक पीसीआर कॉल मिली, जिसके बाद एक टीम घटनास्थल पर भेजा गया।
मौके पर पहुंचने पर टीम को पता चला कि कार में चार लोग सवार थे और वह शीशगंज गुरुद्वारा से नेहरू विहार (तिमारपुर) जा रहे थे। कार दिल्ली के हरदेव नगर निवासी हरमिंदर सिंह चला रहे थे।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) सागर सिंह कलसी ने कहा कि हरमिंदर सिंह की मामी पुष्पा और 22 वर्षीय अमनदीप कौर सहित उनकी बेटियां कार के पीछे बैठी थीं। बंटी नाम का एक और चचेरा भाई आगे की सीट पर बैठा था।
चंदगी राम अखाड़ा रेडलाइड पर कार एक ट्रक के पीछे रुकी। दुर्भाग्यवश, जब कार खड़ी थी तो एक अन्य ट्रक ने कार को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में अमनदीप कौर और बंटी को चोटें आईं और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल पहुंचने पर अमनदीप कौर को मृत घोषित कर दिया गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया। भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और ट्रक चालक को पकड़ने के लिए तलाश शुरू कर दी गई है।
Next Story