दिल्ली-एनसीआर

Weather: दिल्ली-NCR में गिरा तापमान, केरल सहित इन राज्यों में अलर्ट

Tara Tandi
26 May 2025 10:46 AM IST
Weather: दिल्ली-NCR में गिरा तापमान, केरल सहित इन राज्यों में अलर्ट
x
Weather Update : देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ले ली है। मानसून इस बार तय समय से पहले केरल पहुंच गया है, जिससे वहां भारी बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं। महाराष्ट्र में भी प्री-मानसून की बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर क्षेत्र में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम विभाग ने बारिश और आंधी की चेतावनी दी है।
दिल्ली-NCR: गर्मी से राहत, बारिश और तेज हवाओं की संभावना
बता दें कि कल हुई बारिश के बाद दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम सुहावना हो गया है। अधिकतम तापमान 41-43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने हल्की बारिश, गरज और बिजली गिरने का अनुमान जताया है। 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
महाराष्ट्र: प्री-मानसून बारिश का असर, कई जिलों में अलर्ट
महाराष्ट्र के तटीय इलाकों और मुंबई में भारी प्री-मानसून बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। मुंबई, ठाणे, पालघर सहित कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में भारी बारिश की चेतावनी है। 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
बारामती और इंदापुर में बाढ़ जैसे हालात
पुणे जिले के बारामती और इंदापुर में रविवार को हुई मूसलधार बारिश के चलते बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। एनडीआरएफ की टीम को राहत और बचाव कार्यों के लिए तैनात किया गया। बारामती में 83.6 मिमी और इंदापुर में 35.7 मिमी बारिश दर्ज की गई।
रेल यातायात पर भी असर
मुंबई में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। मध्य रेलवे की मेन लाइन और वेस्टर्न लाइन की ट्रेनों में 5 से 10 मिनट की देरी देखी गई है।
उत्तर प्रदेश: आंधी-बारिश की चेतावनी, येलो अलर्ट
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी जिलों में आज आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और लखनऊ जैसे जिलों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 26 मई तक येलो अलर्ट जारी किया है।
केरल: समय से पहले मानसून की दस्तक, तेज बारिश का अनुमान
केरल में मानसून ने शनिवार को ही दस्तक दे दी है, जो कि सामान्य से कई दिन पहले है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जताया है। 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों में रेड अलर्ट
केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के लिए भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ में तेज बारिश और तूफानी हवाएं चलने की आशंका है। असम, मिजोरम और मणिपुर में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
उत्तर भारत में बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी
बिहार, पूर्वी मध्य प्रदेश और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भी मौसम विभाग ने गरज-चमक, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना जताई है। आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में मानसून से पहले की बारिश जारी रहने की उम्मीद है।
Next Story
null