दिल्ली-एनसीआर

फिर पलटा खा रहा है मौसम, पूर्वी भारत में भारी बारिश, राजस्थान, मध्यप्रदेश व बिहार में तापमान में गिरावट

SANTOSI TANDI
30 Sep 2023 10:05 AM GMT
फिर पलटा खा रहा है मौसम, पूर्वी भारत में भारी बारिश, राजस्थान, मध्यप्रदेश व बिहार में तापमान में गिरावट
x
राजस्थान, मध्यप्रदेश व बिहार में तापमान में गिरावट
नई दिल्ली पिछले कुछ दिनों से देश में मौसम का मिजाज कुछ बदला सा नजर आ रहा है। कहीं पर भारी बारिश हो रही है तो कहीं पर तेज धूप का अहसास हो रहा है, कई जगहों पर बादलों ने डेरा डाले हुए है। मौमस की बात करें तो उत्तर पश्चिम भारत और पश्चिमी मध्य भारत के कुछ हिस्सों से मॉनसून की वापसी के लिए स्थितियां अनुकूल हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज से पूर्वी भारत के राज्यों में भारी बारिश का सिलसिला जारी होगा। बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री और अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। आंशिकतौर पर बादल छाए रह सकते हैं।
इन राज्यों में हो सकती हैं बारिश
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के अनुसार आज देश के कई इलाके में बारिश हो सकती है। आज मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल, ओडिशा के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, झारखंड, दक्षिणी बिहार, उत्तरी ओडिशा, उत्तरी छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, गुजरात, आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मध्य प्रदेश में जमकर बरसेंगे बादल
मध्य प्रदेश में एक बार फिर से मानसून एक्टिव हो गया है। कल यानी शुक्रवार को प्रदेश की आठ से भी अधिक जिलों में झमाझम बारिश हुई। इसके साथ ही आज से एक नया मानसून तंत्र मध्य प्रदेश में सक्रिय हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। धार झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, बैतूल, सीधी, सिंगरौली, रीवा, अनूपपुर, शहडोल, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट जिलों में बारिश होने के आसार है।
बिहार में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी
बिहार में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का पटना सहित कुछ जिलों में अलर्ट जारी किया है। बिहार में 1 अक्टूबर से मौसम करवट बदल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में पूर्वोत्तर और इससे सटे पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र चक्रवाती परिसंचरण के साथ समुद्र तल से औसत 7.6 किमी ऊपर तक स्थित है। पटना, गया, आरा सहित कई जिलों में सुबह सुबह बारिश हुई है।
Next Story