दिल्ली-एनसीआर

मौसम: दिल्ली में आज और कल शीत लहर चलने की संभावना, न्यूनतम पारा पहुंच सकता है पांच डिग्री

Deepa Sahu
18 Dec 2021 1:39 AM GMT
मौसम: दिल्ली में आज और कल शीत लहर चलने की संभावना, न्यूनतम पारा पहुंच सकता है पांच डिग्री
x
पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में लगातार ठंड बढ़ रही है।

Delhi-NCR :पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में लगातार ठंड बढ़ रही है। मौसम विशेषज्ञों का पूर्वानुमान है कि उत्तरी दिशा से आने वाली सर्द हवाओं की वजह से दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में दो दिन तक शीतलहर चल सकती है। न्यूनतम पारा पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार है।

मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य के बराबर 7.7 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान सामान्य से दो कम 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन का पारा लुढ़कने की वजह से ठंड बढ़ गई है। दिल्ली का लोदी रोड इलाका 6.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा इलाका रिकॉर्ड हुआ है।
इसके अलावा आयानगर का न्यूनतम पारा 6.6, गुरुग्राम का 7.8 व नोएडा का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। स्काईमेट वेदर के प्रमुख मौसम विज्ञानी महेश पलावत के अनुसार, उत्तरी दिशा से आने वाली सर्द हवाओं के कारण लगातार सर्दी बढ़ रही है। अगले दो दिनों के भीतर तेजी से पारा लुढ़केगा और शीत लहर दर्ज होने की संभावना है। इससे सर्दी का अहसास और बढ़ जाएगा।
पलावत के मुताबिक, सर्दी में जब मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे व सामान्य से साढ़े चार डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड होता है। ऐसे स्थिति में शीत लहर की घोषणा की जाती है। हालांकि, अभी तक इस सीजन में एक भी बार शीत लहर नहीं चली है। बीते 12 दिसंबर को न्यूनतम पारा 6.4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का था, जो कि इस सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान था।
Next Story