- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Vivek Vihar Fire : 9...
Vivek Vihar Fire : 9 की मौत, राहत कार्य में 20 लोगों को बचाया गया

Delhi दिल्ली: दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक छोटा बच्चा भी शामिल है। इस हादसे के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
अधिकारियों के अनुसार, आग विवेक विहार फेज-1 की एक बहुमंजिला इमारत में लगी, जिसने तेजी से दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर स्थित फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।
दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे प्रभावित परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, स्थानीय विधायक संजय गोयल, पार्षद पंकज लूथरा और BJP शाहदरा जिला अध्यक्ष दीपक गाबा के साथ सुबह करीब 10 बजे मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।
सचदेवा ने बताया कि विधायक संजय गोयल घटना की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्यों की निगरानी की। उनकी मौजूदगी में लगभग 18 से 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए दमकल विभाग और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य समय पर शुरू होने के कारण कई लोगों की जान बचाई जा सकी।
दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया और फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने में मदद की। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर शहरी आवासीय इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





