- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- VIP सुविधाओं और यात्री...

Noida नोएडा : लोकसभा हाउसिंग कमेटी द्वारा जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का स्थानीय अध्ययन एवं भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने एयरपोर्ट परियोजना का निरीक्षण किया और इसकी प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया।
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान एयरपोर्ट से जुड़े अधिकारियों ने परियोजना की वर्तमान स्थिति और भविष्य की योजनाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है और यात्री सेवाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।इस अवसर पर सांसदों और अन्य वीवीआईपी आगंतुकों के लिए तैयार की जा रही विशेष व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी गई। इसमें सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल व्यवस्था, वीआईपी और वीवीआईपी लाउंज, आधुनिक यात्री सुविधाएं, प्रस्थान एवं आगमन क्षेत्र की व्यवस्थाएं शामिल थीं।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि एयरपोर्ट को दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के अनुकूल बनाने के लिए विशेष सुविधाओं का प्रावधान किया गया है, ताकि सभी यात्रियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा अनुभव मिल सके।निरीक्षण के दौरान टर्मिनल भवन की संरचना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं, पर्यावरण संरक्षण से जुड़े उपाय और हरित पहल का भी विस्तार से अवलोकन कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना में पर्यावरण संतुलन का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
लोकसभा हाउसिंग कमेटी के सदस्यों ने एयरपोर्ट की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।निरीक्षण के दौरान कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। पूरी टीम ने विभिन्न सेक्शनों का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।





