दिल्ली-एनसीआर

राजधानी दिल्ली में प्रचार के अंतिम दिन दिग्गजों ने दिखाया अपना दम

Admin Delhi 1
3 Dec 2022 5:46 AM GMT
राजधानी दिल्ली में प्रचार के अंतिम दिन दिग्गजों ने दिखाया अपना दम
x

दिल्ली न्यूज़: दिल्ली नगर निगम चुनाव (एमसीडी चुनाव) के प्रचार का शोर शुक्रवार शाम थम गया। आखिरी दिन राजनीतिक दलों के दिग्गजों ने ताकत झोंक दी। आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस ने अपने बड़े नेताओं को प्रचार में उतारा और सभी वार्डों में रैली, रोड शो किए। रविवार को सभी 250 वार्ड के लिए मतदान होगा।

'आप' का योगा शिक्षकों और व्यापारियों से संवाद : आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दो कार्यक्रम में शिरकत की। पहले वह योगा कक्षाओं के शिक्षकों के साथ रूबरू हुए। वहीं, दूसरी तरफ उन्होंने दिल्ली के 20 लाख छोटे-बड़े व्यापारियों के साथ संवाद किया। सीलिंग कन्वर्जन शुल्क, पार्किंग शुल्क व इंस्पेक्टर राज व्यवस्था को खत्म करने का वादा किया। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने रोड शो किया। सभी वार्ड में रोड शो के अलावा पांच सौ पदयात्राएं हुईं।

भाजपा के बड़े नेता प्रचार में उतरे : भाजपा ने सभी वार्डों में रोड शो आयोजित किए। दिल्ली के नेताओं के साथ साथ केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, अनुराग ठाकुर और हरदीप सिंह पुरी, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या, दिल्ली भाजपा के सभी सांसदों ने रोड शो निकाला। जगह जगह सभाएं भी की गईं।

कांग्रेस की दो सौ से ज्यादा रैलियां : शुक्रवार को कांग्रेस ने दो सौ से ज्यादा रैलियों का आयोजन किया गया। पचास से ज्यादा जनसभाओं का भी आयोजन हुआ। कांग्रेस के प्रचार में ज्यादातर दिल्ली के नेता शामिल रहे। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी, पूर्व सांसद जय प्रकाश, रमेश कुमार, कृष्णा तीरथ, हारुन यूसुफ, सिने अभिनेत्री नगमा भी प्रचार में शामिल हुईं।

वोटिंग की तैयारियां पूरी

एमसीडी चुनाव के लिए कल रविवार को मतदान होना है। इसके लिए चुनाव आयोग की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कुल 13,638 मतदान केंद्र बनाए गए है। इस बार 1349 उम्मीदवार चुनावी मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें से 450 से अधिक निर्दलीय प्रत्याशी हैं।

दस हजार से अधिक सभाएं

राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक, इस बार प्रचार के लिए राजनीतिक दलों ने अनुमति लेकर कुल 10 हजार से अधिक नुक्कड़ सभाएं, रोड शो, पदयात्रा और जनसभाओं का आयोजन किया।

Next Story