दिल्ली-एनसीआर

Greater नोएडा हत्याकांड में फैसला, जमीन विवाद में 9 आरोपी दोषी करार

Ratna Netam
30 Jun 2026 8:44 PM IST
Greater नोएडा हत्याकांड में फैसला, जमीन विवाद में 9 आरोपी दोषी करार
x
कारावास की सजा दी है।

Noida नोएडा : गौतमबुद्ध नगर स्थित ग्रेटर नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र के गिरधरपुर सुनारसी गांव में वर्ष 2021 में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड मामले में जनपद न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने जमीन विवाद से जुड़े इस मामले में 9 दोषियों को आजीवन कारावास की सजा दी है।

अपर सत्र न्यायाधीश (द्वितीय) सोमप्रभा मिश्रा की अदालत ने सभी दोषियों पर 86-86 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। आदेश के अनुसार यदि अर्थदंड जमा नहीं किया जाता है तो प्रत्येक दोषी को एक वर्ष का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।दोषियों में पांच सगे भाई—देवेन्द्र, रविन्द्र, सतेन्द्र, धर्मेन्द्र और जितेन्द्र—के अलावा भोपाल, महिपाल उर्फ अल्लू, अमरजीत बंसल और अमित बंसल शामिल हैं। अदालत ने इन्हें हत्या, हत्या के प्रयास, दंगा, घातक हथियार से दंगा, गाली-गलौज और क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट के तहत दोषी ठहराया।

अभियोजन के अनुसार वर्ष 2021 में गांव में जमीन के कब्जे को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद के समाधान के लिए पंचायत बुलाई गई थी, लेकिन पंचायत स्थल पर पहुंचते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और लाइसेंसी हथियारों समेत अन्य हथियारों से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनमें से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई।घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया था और भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा था। मामले की जांच के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी।

सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों को पेश किया। वहीं बचाव पक्ष ने दोषियों की पारिवारिक स्थिति और पहले के आपराधिक रिकॉर्ड न होने का हवाला देते हुए नरमी की मांग की, लेकिन अदालत ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए सख्त सजा सुनाई।कोर्ट ने कहा कि सामूहिक फायरिंग में दो लोगों की हत्या और एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल करना अत्यंत गंभीर अपराध है, इसलिए आजीवन कारावास की सजा उचित है।

Next Story