दिल्ली-एनसीआर

Sonam वांगचुक के समर्थन प्रदर्शन में हंगामा, अभिजीत दीपके पर स्याही अटैक

Ratna Netam
18 July 2026 7:03 PM IST
Sonam  वांगचुक के समर्थन प्रदर्शन में हंगामा, अभिजीत दीपके पर स्याही अटैक
x

New Delhi नई दिल्ली : जंतर-मंतर पर पर्यावरणविद् और शिक्षाविद् सोनम वांगचुक के अनशन के बाद अब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने मोर्चा संभाल लिया है। सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाए जाने के बाद अभिजीत दीपके उनके समर्थन में अनशन पर बैठ गए हैं। शनिवार को जंतर-मंतर पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने अचानक अभिजीत दीपके पर स्याही फेंक दी।

घटना के बाद कुछ देर के लिए प्रदर्शन स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। महिला द्वारा स्याही फेंके जाने के बाद वहां मौजूद सीजेपी कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों में नाराजगी दिखाई दी। पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभाला और महिला को मौके से हटाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस अब महिला से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सामने आए एक वीडियो में दावा किया गया कि महिला ने अभिजीत दीपके पर स्याही फेंकी। वीडियो में दिख रहा है कि घटना के बाद पुलिसकर्मी महिला को जंतर-मंतर से बाहर ले जा रहे हैं। इस दौरान कई लोग मोबाइल कैमरों से उसकी वीडियो रिकॉर्ड करते नजर आए।

महिला ने पुलिस घेरे के बीच मीडिया और कैमरों के सामने अपनी बात रखने की कोशिश की। उसने आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट की गई। वीडियो में महिला हाथ जोड़ती हुई दिखाई दे रही है और वह जय श्रीराम के नारे भी लगाती नजर आई। उसने कहा, "बहुत मारा-बहुत मारा। जय श्रीराम।" हालांकि, महिला के आरोपों की पुलिस द्वारा अभी पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिला की पहचान और स्याही फेंकने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े वीडियो फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी।

इससे पहले शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने सोनम वांगचुक को उनकी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया था। वांगचुक पिछले 21 दिनों से अनिश्चितकालीन अनशन पर थे। पुलिस के अनुसार, चिकित्सकीय सलाह और दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

वांगचुक को अस्पताल ले जाने की कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारियों ने विरोध जताया था। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए और नारेबाजी भी की। इसके बाद अभिजीत दीपके ने आंदोलन को आगे बढ़ाने का ऐलान करते हुए खुद अनशन शुरू कर दिया।

अभिजीत दीपके के साथ बड़ी संख्या में सीजेपी कार्यकर्ता और समर्थक भी जंतर-मंतर पर मौजूद हैं। उनका कहना है कि वे सोनम वांगचुक की मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रखेंगे।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। स्याही फेंकने की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए प्रदर्शन स्थल पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही महिला द्वारा उठाए गए आरोपों और घटना के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा हो सकेगा।

Next Story