दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली के भारत नगर में अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर महिला की गोली मारकर की हत्या

Admin Delhi 1
29 Oct 2022 6:24 AM GMT
दिल्ली के भारत नगर में अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर महिला की गोली मारकर की हत्या
x

क्राइम न्यूज़: भारत नगर इलाके में शुक्रवार सुबह अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। जांच में पता चला कि महिला अपने पति से अलग रह रही थी और एक युवक उसे काफी दिन से परेशान कर रहा था। पुलिस को उस युवक पर हत्या का शक है और वह घटना के बाद से फरार युवक की तलाश में पुलिस जुट गई है। मृतक महिला की शिनाख्त सलमा (34) के रूप में हुई है। वह अपने बेटा-बेटी के साथ जेजे कॉलोनी में किराये पर रहती थी। वह घरेलू सहायिका का काम करती थी। मनमुटाव होने की वजह से उसका पति आदिल पिछले काफी समय से उससे अलग सावन पार्क इलाके में रहता है। भारत नगर थाना पुलिस को शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे सलमा को घर में घुसकर गोली मारे जाने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को छानबीन में पता चला कि सलमा को तीन गोली लगी है। पुलिस उसे पास के अस्पताल में ले गई।

जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सलमा की 13 साल की बेटी के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया। छानबीन में पता चला कि सलमा पहले करोलबाग स्थित एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। जहां उसकी एक युवक से मुलाकात हुई। बताया जा रहा है कि उसकी वजह से महिला का अपने पति से भी मनमुटाव हो गया। वह कुछ माह पहले अपने पति से अलग यहां आकर रहने लगी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी युवक यहां आकर भी उसे परेशान कर रहा था। इसकी शिकायत उसने भारत नगर थाने में की थी।

Next Story