- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- विश्वविद्यालय अनुदान...
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने सभी केंद्रीय विश्वविद्यालय को केवल सीयूईटी स्कोर का इस्तेमाल करने को कहा

दिल्ली: विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों से कहा कि मंच कला और शारीरिक शिक्षा जैसे कुछ गतिविधि आधारित पाठ्यक्रमों को छोडक़र, विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए केवल सीयूईटी के स्कोर का इस्तेमाल किया जाए। यूजीसी ने पिछले महीने घोषणा की थी कि 45 केंद्रीय विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए कक्षा 12 के अंकों की स्थान पर कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट(सीयूईटी) के स्कोर अनिवार्य होंगे और विश्वविद्यालय अपने न्यूनतम योग्यता के नियम तय कर सकते हैं।
यूजीसी के सचिव रजनीश जैन ने सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को लिखे पत्र में कहा है कि स्पष्ट किया जाता है कि सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों और उनके कॉलेजों को स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए केवल सीयूईटी के स्कोर का इस्तेमाल करना होगा। पत्र में कहा गया है कि ललित कला, मंच कला, खेल, शारीरिक शिक्षा आदि जैसे कुछ गतिविधि आधारित पाठ्यक्रमों के लिए अतिरिक्त नियम लागू किये जा सकते हैं।





