दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली से किडनैप किए गए दो बच्चे झारखंड के सिमडेगा में बरामद

Rani Sahu
14 Aug 2023 1:22 PM GMT
दिल्ली से किडनैप किए गए दो बच्चे झारखंड के सिमडेगा में बरामद
x
रांची (आईएएनएस)। दिल्ली के पंजाबी बाग से किडनैप किए गए दो बच्चों को झारखंड के सिमडेगा से बरामद किया गया है। अपहरण के आरोप में पुलिस ने एक दंपति को हिरासत में लिया है। दिल्ली पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई है।बच्चे के घरवाले उन्हें लेने के लिए दिल्ली से झारखंड के लिए निकल चुके हैं। बच्चों को दिल्ली से सिमडेगा लाने वाले दंपति सरिता टेटे और सोना टेटे जिला के जुरकेला बंडा टोली के रहने वाले हैं।
अपहृत किए गए दोनों बच्चों के पिता पंजाबी बाग निवासी राजकुमार मौर्य हैं। दंपति गांव में बच्चों को लेकर इधर-उधर घूम रहे थे। ग्रामीणों ने शक होने पर दोनों को पकड़ कर बंधक बना लिया। वहीं, बच्चों से पूछताछ की।
पूछताछ करने पर बच्चों ने बताया कि उन्हें चिड़िया दिलाने का कहकर वे इधर ले आए हैं। दोनों बच्चे भाई-बहन हैं। वे विकासपुरी विद्यालय दिल्ली में पढ़ते हैं।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना सिमडेगा जिला के कोलेबिरा पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचकर अपहरणकर्ताओं व बच्चों को अपने कस्टडी में लेते हुए थाने ले आई।
बच्ची ने अपने परिजनों का फोन नंबर बताया, जिस पर पुलिस ने परिजनों से इस संबंध में बात की। परिजन दिल्ली से सिमडेगा के लिए चल चुके हैं। बच्चों को किडनैप किए जाने का मकसद क्या है, यह फिलहाल साफ नहीं हो पाया है।
इस संबंध में बच्चों की मां ने आउटर दिल्ली के निहाल विहार पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। थाने में कांड संख्या 1042/23 के तहत मामला दर्ज कराया गया था। बच्चे का नाम प्रेम, तो बच्ची का नाम प्रिया है।
Next Story