- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- सीवर में कूड़ा बीनने गए...
दिल्ली-एनसीआर
सीवर में कूड़ा बीनने गए दो लड़कों की दम घुटने से मौत, परिवार में पसरा मातम
Nil dhankar
12 Jun 2022 10:43 AM IST

x
बड़ी खबर
दिल्ली के बवाना इलाके में सीवर में कूड़ा बीनने गए दो लड़कों की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस मामले दर्ज कर जांच कर रही है। वहीं मृतकों के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है क्योंकि दोनों अपने परिवार के लिए ज्यादा से ज्यादा कूड़ा बीनकर पैसे लाते थे, जिससे परिवार का पेट भरा करता था।
जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान रमजान और अब्दुल रहमान के रूप में हुई है। दोनों अपने-अपने परिवार के साथ जेजे कॉलोनी बवाना इलाके में रहते थे। दोनो एक साथ कूड़ा बीनने के लिए निकालते थे। शनिवार सुबह भी दोनों एक साथ निकले थे। बवाना इंडस्ट्रियल एरिया में जब हर रोज की तरह भरे सीवर में प्लास्टिक का दाना आदि कबाड़ इकट्ठा करने के लिए उतरे। तभी एक का दम घुट गया, जिसे बचाने के लिए जब साथी अंदर गया तो उसका भी दम घुट गया था।
आसपास सुनसान एरिया होने के कारण काफी देर तक दोनो वहीं पर पड़े रहे। एक राहगीर ने उनको अचेतावस्था में देखकर पुलिस को सूचित किया था। जिसके तुरंत बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को बाहर निकाला और नजदीक के अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस को खुले सीवर के पास से प्लास्टिक के दो बड़े बोरे मिले, जिसमी कूड़ा भरा हुआ था।
इसके बाद दोनों के परिवारवालों को हादसे की सूचना दी गई। लोगों ने बताया कि खुले सीवरों में केमिकल के साथ फैक्टरी का कूड़ा भी होता है, जिसको इकट्ठा करके रमजान और अब्दुल जैसे लड़के अपना और अपने परिवार का पेट इसको बेचकर भरते हैं। इलाके में करीब 50 लड़के यह काम करते हैं। जिनको पता नहीं होता कि वो मौत के सीवर में जाकर खतरा उठा रहे हैं।
Next Story





