- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- परिवहन मंत्री कैलाश...
परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा अगले 2 महीने में दिल्ली की सड़कों पर दौड़ेंगे हजारों इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा
महंगे होते पेट्रोल और डीजल के दामों के बीच देश में इलेक्ट्रिक वाहनों यानी ईवी (Electric Vehicles) की मांग लगातार बढ़ रही है. इस बीच दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत (Kailash Gahlot) ने शुक्रवार को कहा कि राज्य की सड़कों पर अगले 2 महीनों में सैकड़ों बिजली से चलने वाली बसें और हजारों इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा (e-Auto Rickshaws) दौड़ेंगे | गहलोत ने शुक्रवार को दस महिलाओं समेत पहले 20 चालकों को एलओआई (Letters of Intent) सौंपा. इसमें ई-ऑटो रिक्शा चलाने के लिए परमिट दिया गया है. उन्होंने कहा, 'दिल्ली में डीजल और पेट्रोल से इलेक्ट्रिक वाहनों पर एक बड़ा बदलाव हो रहा है. अगले दो महीनों में शहर में सैकड़ों इलेक्ट्रिक बसें और हजारों ऑटो रिक्शा दौड़ेंगे | परिवहन मंत्री के अनुसार 'लाइलैक' (हल्का बैगनी) रंग का ई-ऑटो रिक्शा महिलाओं द्वारा चलाया जाएगा जबकि पुरुष चालक नीला रंग का इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा चलाएंगे. दिल्ली सरकार दिल्ली परिवहन निगम (DTC) के लिए 300 ई-बसें खरीद रही है. इसमें से दो बसें पहले ही आ चुकी हैं | गौरतलब है कि देश के 9 बड़े शहरों में इलेक्ट्रिक वाहनों के चार्जिंग स्टेशनों की संख्या पिछले चार महीनों में ही ढाई गुना तक बढ़ चुकी है. ऊर्जा मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में कहा कि दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता समेत नौ प्रमुख शहरों में ईवी चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बीते चार महीनों में तेजी से बढ़ी है. इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की सरकारी नीति के तहत बड़े शहरों में ईवी चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाने की कोशिश जारी है | इस बयान के मुताबिक, अक्टूबर 2021 से लेकर जनवरी 2022 के बीच इन नौ शहरों में 678 अतिरिक्त चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं. इस तरह इन शहरों में मौजूद सार्वजनिक ईवी स्टेशनों की संख्या बढ़कर 940 हो गई है. देश भर में अब इनकी संख्या करीब 1,640 हो चुकी है |





