- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Alipur, में दर्दनाक...
Alipur, में दर्दनाक हादसा, यमुना में डूबे चार नाबालिग

New Delhi नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में बारिश के मौसम के बीच जलभराव और तेज बहाव वाले इलाकों में हादसों का सिलसिला जारी है। अलीपुर इलाके के हिरंकी गांव के पास यमुना नदी में नहाने गए चार नाबालिग बच्चों के डूबने की घटना में बचाव दल ने तीसरे बच्चे का शव बरामद कर लिया है। अब एक अन्य बच्चे की तलाश अभी भी जारी है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा रविवार शाम करीब 4:30 बजे बाहरी उत्तरी दिल्ली के अलीपुर थाना क्षेत्र में आने वाले हिरंकी गांव के पास ठोकर नंबर 24 के नजदीक हुआ। बताया गया कि चार नाबालिग बच्चे यमुना नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान नदी की तेज लहरों और गहरे पानी की चपेट में आने से सभी बच्चे बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एनडीआरएफ), दिल्ली पुलिस और अन्य बचाव एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। रविवार को ही तलाशी अभियान के दौरान दो बच्चों के शव बरामद कर लिए गए थे। इसके बाद सोमवार को एक और बच्चे का शव बरामद हुआ। वहीं, चौथे बच्चे की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है।
ईस्ट दिल्ली बोट क्लब के इंचार्ज हरीश ने बताया कि यमुना में डूबे बच्चों की तलाश लगातार की जा रही है। खराब मौसम, कम रोशनी और नदी के तेज बहाव के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों के अनुसार, रविवार रात करीब 10:30 बजे अंधेरा और खराब दृश्यता के कारण अभियान अस्थायी रूप से रोकना पड़ा था। स्थानीय प्रशासन ने घटनास्थल के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों से अपील की है कि वे यमुना नदी में नहाने या किनारे जाने से बचें। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और बहाव काफी तेज है।
वहीं, दिल्ली में एक अन्य दर्दनाक घटना मुखमेलपुर गांव से सामने आई, जहां पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। मृतकों की उम्र 8 और 10 साल बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम करीब 6 बजे घटना की सूचना मिली। इससे पहले दिल्ली फायर सर्विस को शाम 5:55 बजे इसकी जानकारी दी गई थी। स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चों को गड्ढे से बाहर निकाला और उन्हें तुरंत नरेला स्थित सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों बच्चे शाम करीब 4 बजे घर के पीछे खेतों में खेलने गए थे। इसी दौरान वे बारिश के पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। यह गड्ढा खेतों से अतिरिक्त पानी जमा करने के लिए खोदा गया था। पुलिस को आशंका है कि खुदाई के बाद इस जगह को सुरक्षित नहीं किया गया था, जिससे यह बच्चों के लिए जानलेवा साबित हुआ।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी, तालाब, गड्ढों और जलभराव वाले स्थानों से बच्चों को दूर रखें, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।





