दिल्ली-एनसीआर

लता मंगेशकर की जयंती पर शीर्ष नेताओं ने किया स्मरण

Admindelhi1
28 Sept 2026 1:37 PM IST
लता मंगेशकर की जयंती पर शीर्ष नेताओं ने किया स्मरण
x
प्रधानमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष और रक्षा मंत्री ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने सोमवार को स्वर गायिका लता मंगेशकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

नरेन्द्र मोदी ने साेशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, अपनी दिव्य गायन प्रतिभा से विश्व में देश का नाम रोशन करने वालीं लता को उनकी जयंती पर सादर नमन। उन्होंने भारतवर्ष को न केवल अपने सुमधुर सुरों से सजाया-संवाराबल्कि देश की समृद्धि से जुड़ी हर पहल को भी सदैव प्रोत्साहित किया। भारतीय संगीत जगत में उनका अप्रतिम योगदान युग-युगांतर तक स्मरणीय रहेगा।

ओम बिरला ने कहा कि लता भारतीय संगीत की अमर पहचान है। अपने असाधारण संगीत सफर में उन्होंने अनेक भारतीय भाषाओं में हजारों गीतों को अपनी आवाज दी और भारतीय फिल्म संगीत को एक ऐसी पहचान दी, जिसकी गूंज देश की सीमाओं से बहुत आगे तक पहुँची। दशकों तक उन्होंने हिंदी सिनेमा के संगीत को नई ऊँचाइयाँ दीं और अनगिनत गीतों को कालजयी बना दिया।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत की ‘स्वर कोकिला’ मानी जानी वाली लता मंगेशकर की आवाज ने इस देश की पीढ़ियों को भावनाओं के एक ऐसे संसार से जोड़ा, जहां प्रेम, भक्ति और देशभक्ति के सुर एक साथ गूंजते हैं। उनकी आवाज केवल गीतों में नहीं, बल्कि हर भारतीय के दिल में बसती है। उनका संगीत कालजयी है और उनकी विरासत सदैव अमर रहेगी।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि लता के सुरों में सहजता, स्थिरता और वह आत्मीयता थी, जो हर श्रोता को मंत्रमुग्ध कर जाती थी। अनेक भाषाओं और बोलियों के संगीत को अपनी आवाज से समृद्ध बनाने वाली लता दीदी अपने गीतों के माध्यम से देशवासियों के मन में हमेशा बसी रहेंगी।

केंद्रीय संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि अपनी मधुर और अद्वितीय आवाज से भारतीय संगीत को विश्वभर में नई पहचान देने वाली लता का स्वर आज भी पीढ़ियों के दिलों में गूँज रहा है। संगीत और कला के क्षेत्र में उनका अप्रतिम योगदान देश की समृद्ध भारतीय सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि लता के स्वर ने भारतीय संगीत को विश्वभर में पहचान दिलाई और उनकी आवाज़ पीढ़ियों की स्मृतियों का हिस्सा बन गई। देशभक्ति से ओतप्रोत उनके गीतों ने राष्ट्रीय भावनाओं को भी स्वर प्रदान किया। भारतीय संगीत और संस्कृति में उनका अमूल्य योगदान सदैव याद किया जाएगा।

केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि अपनी सुरीली आवाज से भारतीय संगीत को विश्व पटल पर गौरवान्वित करने वाली 'लता दीदी' के मधुर स्वर सदैव उनकी स्मृतियों में जीवित रहेंगे।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लता की अप्रतिम, अद्वितीय, अनूठी आवाज संगीत को नव प्राण प्रदान कर समृद्ध करती है। आपके मधुर गीत और दिव्य स्वर युगों-युगों तक हमारे हृदय में गुंजायमान रहेंगे।

Next Story