दिल्ली-एनसीआर

राजधानी दिल्‍ली में आज पारा 1.9 डिग्री, जानिए दिल्ली के बाकी इलाको का हाल

Admin Delhi 1
8 Jan 2023 7:51 AM GMT
राजधानी दिल्‍ली में आज पारा 1.9 डिग्री, जानिए दिल्ली के बाकी इलाको का हाल
x

दिल्ली न्यूज़: कड़ाके की ठंड ने दिल्‍ली-एनसीआर को परेशान कर रखा है। राजधानी का न्यूनतम तापमान 0 डिग्री के करीब पहुंच रहा है। रविवार सुबह सफदरजंग बेस स्टेशन पर मिनिमम टेंपरेचर 1.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। यह सामान्य से 5 डिग्री कम है। सफदरजंग में यह पिछले दो साल का सबसे कम तापमान है। शनिवार को यहां न्‍यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिल्‍ली रिज का न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री रहा। एक दिन पहले ही, शनिवार को रिज पर 1.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। यह दो साल में सबसे कम था। रविवार सुबह घना कोहरा भी छाया रहा। दिल्‍ली एयरपोर्ट पर लगभग 20 उड़ानों में देरी हुई। उत्‍तर रेलवे के मुताबिक, उसके जोन में 42 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। नोएडा, गाजियाबाद, गुड़गांव समेत एनसीआर के बाकी इलाकों में भी कमोबेश यही हाल रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, रविवार को दिल्‍ली और हरियाणा के कई हिस्‍सों में गंभीर शीतलहर चल रही है। उत्‍तरी राजस्‍थान, पूर्वी मध्‍य प्रदेश, पूर्वी उत्‍तर प्रदेश और पश्चिमी मध्‍य प्रदेश व बिहार के कुछ हिस्‍से भी शीतलहर की चपेट में हैं। हिमाचल प्रदेश में भी शीतलहर का दौर जारी है।

मौसम विभाग के अनुसार, शीतलहर से सोमवार तक राहत मिल सकती है। देखिए, आपके एरिया में मौसम का क्या है हाल।

एरिया न्यूनतम तापमान, डिग्री सेल्सियस में (सामान्‍य तापमान के मुकाबले उतार-चढ़ाव)

सफदरजंग (दिल्‍ली) 1.9 (-5.0)

पालम (दिल्‍ली) 5.2 (-2.0)

लोधी रोड (दिल्‍ली) 2.8 (-3.0)

आया नगर (दिल्‍ली) 2.6 (-4.0)

रिज (दिल्‍ली) 2.2 (-5.0)

जफरपुर (दिल्‍ली) 2.8 (-4)

नजफगढ़ (दिल्‍ली) 5.5 (-1)

उजवा (दिल्‍ली) 1.6 (-5)

पीतमपुरा 6.6 (0)

एयरपोर्ट, स्‍टेशन पर यात्री परेशान

घने कोहरे की वजह से फ्लाइट्स और ट्रेनों पर असर पड़ा है। दिल्‍ली एयरपोर्ट पर मौजूद एक यात्री ने न्‍यूज एजेंसी ANI को बताया कि विजिबिलिटी खासी कम है और ठंड भी काफी लग रही है। आनंद विहार टर्मिनल रेलवे स्‍टेशन पर उतर रहे धनंजय कुमार ने कहा, 'मैं बिहार के पटना से आया हूं और मेरी ट्रेन कोहरे के चलते 2-3 घंटे लेट रही।'

मौसम विभाग का क्‍या है पूर्वानुमान?

IMD ने शनिवार को कहा था कि अगले दो दिन तक उत्‍तर-पश्चिम भारत में शीतलहर चलेगी। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में बेहद घना कोहरा रहने का अनुमान है। दिल्‍ली-एनसीआर, यूपी में सुबह और रात के वक्‍त घना कोहरा रहेगा। 8-9 जनवरी को दिल्‍ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश में बेहद ठंड़ पड़ने की संभावना है.

Next Story