- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- संसाधनों की कमी नहीं,...
दिल्ली-एनसीआर
संसाधनों की कमी नहीं, तेल-गैस को लेकर ना फैलाएं अफवाह : इंद्रेश कुमार
SHIDDHANT
29 March 2026 9:30 PM IST

x
Delhi दिल्ली: आयोजित ईद मिलन समारोह में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच (एमआरएम) के संयोजक और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेता इंद्रेश कुमार ने रविवार को लोगों से तेल और गैस की आपूर्ति को लेकर अफवाह न फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश में संसाधनों की कोई कमी नहीं है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। दिल्ली के राजघाट स्थित गांधी स्मृति दर्शन सत्याग्रह मंडप में आयोजित ईद मिलन कार्यक्रम में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच (एमआरएम) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक भी हुई। इस दौरान पश्चिम एशिया में जारी तनाव, शांति, चुनाव और वैश्विक हालात जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इंद्रेश कुमार ने पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध को तुरंत समाप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में तनाव है, लेकिन भारत को अपनी क्षमता पर भरोसा रखना चाहिए। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि देश अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में सक्षम है। बैठक में मौजूद विशेषज्ञों ने माना कि भारत ने हाल के वर्षों में अपनी ऊर्जा नीति को काफी मजबूत किया है। अलग-अलग देशों से आयात, रणनीतिक भंडारण और वैकल्पिक ऊर्जा पर जोर देने से देश अधिक आत्मनिर्भर बना है। किसी भी संकट की स्थिति में भी भारत संभल सकता है और आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
चुनाव पर बात करते हुए इंद्रेश कुमार ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित होनी चाहिए। उन्होंने घुसपैठियों पर सख्ती से रोक लगाने की जरूरत बताई और कहा कि मतदाता सूची या चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी देश की एकता और सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है।
अन्य वक्ताओं ने भी चुनाव की निष्पक्षता, राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव केवल राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है।
कार्यक्रम में सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और बढ़ती सामाजिक विभाजन पर भी चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में अफवाहें तेजी से फैलती हैं, जिससे समाज में भ्रम और तनाव पैदा होता है। ऐसे में सही जानकारी, संवाद और जागरूकता ही सबसे प्रभावी समाधान हैं।
इस कार्यक्रम को ईद डिप्लोमेसी के रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसमें संदेश दिया गया कि त्योहार केवल खुशी मनाने के लिए नहीं, बल्कि संवाद और समाधान के रास्ते खोलने का अवसर भी होते हैं।
कार्यक्रम में देशभर से बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी, शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने आपसी भाईचारे को मजबूत करने, शिक्षा को बढ़ावा देने, सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने पर जोर दिया।
कहा गया कि देश को दंगे, हिंसा और आतंकवाद से मुक्त रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। बैठक में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य पर भी चर्चा हुई, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सद्भाव को समान महत्व देने की बात कही गई।
वक्ताओं ने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्हें सही दिशा और अवसर देना जरूरी है।
Tagsइंद्रेश कुमारईद मिलन समारोहमुस्लिम राष्ट्रीय मंचRSSऊर्जा आपूर्तिअफवाहनई दिल्लीपश्चिम एशिया तनावचुनावसामाजिक एकताजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





