दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली एमसीडी चुनाव का रास्ता हुआ साफ: MCD वार्डों के परिसीमन का काम हुआ पूरा

Admin Delhi 1
19 Oct 2022 6:35 AM GMT
दिल्ली एमसीडी चुनाव का रास्ता हुआ साफ: MCD वार्डों के परिसीमन का काम हुआ पूरा
x

दिल्ली न्यूज़: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली में नगर निगम क्षेत्र में 250 वार्ड करने से संबंधित अंतिम परिसीमन आदेश जारी कर दिया है। इससे संबंधित जारी अधिसूचना के तहत 42 वार्डों को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित रखा गया है। इस आदेश के बाद अब दिल्ली निगम निगम के चुनावों का रास्ता भी साफ हो गया है। दिल्ली नगर निगम तीन हिस्सों में बंटा हुआ था। उत्तरी, दक्षिणी और पूर्वी निगम। लेकिन, कुछ समय पूर्व केंद्र सरकार ने तीनों निगम को एक कर दिया था। इसके बाद से ही 272 वार्डों को कम करके 250 करने की योजना के तहत परिसीमन का काम चल रहा था। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के राज्य चुनाव आयुक्त विजय देव की अध्यक्षता में दिल्ली नगर निगम के वार्डों के परिसीमन का काम पूरा करने के लिए एक समिति का गठन 8 जुलाई, 2022 को किया था। शहरी मामलों के मंत्रालय के संयुक्त सचिव पंकज कुमार सिंह और दिल्ली नगर नगर निगम के अपर आयुक्त रणधीर सहाय इस समिति के सदस्य थे।

25 अगस्त को केंद्र को सौंपी थी रिपोर्ट: इस परिसीमन समिति ने परिसीमन आदेश का मसौदा तैयार करने के संबंध में कार्य पूरा कर लिया और बीते 25 अगस्त को अपनी रिपोर्ट केंद्र सरकार को प्रस्तुत कर दी थी। परिसीमन का मसौदा तैयार कर लिया गया और इससे संबंधित एक अधिसूचना 10 सितम्बर को ही जारी कर दी गई थी। जिसमें वार्डों की संख्या 250 कर दी गई थी और इसमें 42 वार्ड अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किए गए थे। इसके बाद 12 सितम्बर को राज्य चुनाव आयोग की वेबसाइट पर इस अधिसूचना को प्रकाशित किया गया था। अन्य माध्यमों से भी अधिसूचनाा के तहत तैयार मसौदे को प्रसारित किया गया था।

आम जनता और सभी संबंधित लोगों से 3 अक्तूबर तक इस मसौदे पर सुझाव और आपत्तियां मांगी गई थीं। तय अवधि में जो भी सुझाव और आपत्तियां प्राप्त हुईं, उनके अनुसार मसौदे में तर्कसंगत और न्यायोचित संशोधन किए गए। सभी पहलुओं पर सावधानीपूर्वक विचार करने के बाद गृह मंत्रालय ने 17 अक्तूबर को परिसीमन का अंतिम आदेश जारी कर दिया।

Next Story