- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- प्रधानमंत्री और...
प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति ने पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को किया याद

नई दिल्ली: पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कर्तव्य पालन के दौरान प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की रक्षा में पुलिस बल के साहस, समर्पण तथा बलिदान को याद किया।
पुलिसकर्मियों का त्याग सदैव रहेगा स्मरणीय : प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुलिस स्मृति दिवस पर देशभर के पुलिसकर्मियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध से निपटने, आपात परिस्थितियों में सहायता पहुंचाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिसकर्मियों की भूमिका अमूल्य है।
सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दिवस उन पुलिसकर्मियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जो कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। उन्होंने शहीद जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका साहस, समर्पण और सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र की स्मृति में हमेशा अंकित रहेगा।
नागरिकों की सुरक्षा के लिए पुलिस का समर्पण सराहनीय : उपराष्ट्रपति
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए पुलिसकर्मियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और राष्ट्र की रक्षा के लिए पुलिसकर्मियों के साहस, बलिदान और अटूट समर्पण को हमेशा सम्मान एवं कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा। उन्होंने देशभर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निष्ठा से सेवाएं दे रहे पुलिसकर्मियों की भी सराहना की।
अमित शाह ने शहीदों के बलिदान को किया नमन
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि मातृभूमि के सम्मान और नागरिकों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों ने देशभक्ति का सर्वोच्च उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने शहीद जवानों के प्रति राष्ट्र की ओर से आभार व्यक्त किया।
राजनाथ सिंह ने पुलिस की सेवाओं को बताया महत्वपूर्ण
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पुलिसकर्मियों की सेवाओं के प्रति कृतज्ञता जताते हुए कहा कि नागरिकों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और कानून का पालन सुनिश्चित करने में उनका साहस और समर्पण राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी।
गडकरी और शिवराज सिंह चौहान ने भी किया नमन
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने देश की आंतरिक सुरक्षा और रक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, साहस और बलिदान को याद किया।
वहीं, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मातृभूमि की रक्षा के लिए सेवा, समर्पण और साहस के साथ सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि इन वीर पुलिसकर्मियों के त्याग और समर्पण ने देश की अखंडता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राष्ट्र को अपने इन वीर जवानों पर सदैव गर्व रहेगा।





