दिल्ली-एनसीआर

पंजाबी बाग प्रदूषण हॉटस्पॉट पहुंचे नोडल सचिव, आवाजाही पर लगाई रोक

Admindelhi1
12 Nov 2026 5:06 PM IST
पंजाबी बाग प्रदूषण हॉटस्पॉट पहुंचे नोडल सचिव, आवाजाही पर लगाई रोक
x
पंजाबी बाग में प्रदूषण पर लगाम लगाने की कवायद तेज

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए प्रशासन ने स्थानीय स्तर पर कार्रवाई तेज कर दी है। पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग में धूल प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों में शामिल रेलवे सीमेंट साइडिंग यार्ड में प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। परिसर में बैरिकेडिंग के साथ रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की तैनाती की गई है। गुरुवार को पश्चिमी दिल्ली के नोडल सचिव रूपेश कुमार ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर इन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

दरअसल, पंजाबी बाग में प्रदूषण की समस्या को देखते हुए नोडल सचिव ने 28 अक्टूबर को रेलवे सीमेंट साइडिंग यार्ड का निरीक्षण किया था। उस दौरान यार्ड से उड़ने वाली धूल पर नियंत्रण के लिए परिसर को सील करने सहित अन्य सख्त उपाय अपनाने के निर्देश दिए गए थे। गुरुवार को उन्होंने दोबारा मौके पर पहुंचकर यह देखा कि पूर्व में दिए गए निर्देशों पर कितना अमल हुआ है।

निरीक्षण में रेलवे प्रशासन की ओर से किए गए सुरक्षा इंतजामों की जानकारी सामने आई। यार्ड में अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए बैरिकेड लगाए गए हैं। इसके साथ ही रेलवे सुरक्षा बल की चौकी स्थापित कर जवानों को तैनात किया गया है। इन व्यवस्थाओं के जरिए परिसर के भीतर अनधिकृत गतिविधियों और आवाजाही पर रोक सुनिश्चित की जा रही है। रूपेश कुमार ठाकुर ने इन कदमों को धूल से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम के लिए महत्वपूर्ण बताया।

नोडल सचिव का निरीक्षण केवल रेलवे यार्ड तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने पंजाबी बाग समेत अन्य स्थानों पर पहुंचकर प्रदूषण पैदा करने वाली गतिविधियों की स्थिति देखी। इस दौरान सड़कों पर उड़ने वाली धूल, वाहनों से निकलने वाले उत्सर्जन, निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़ी गतिविधियों तथा जगह-जगह जमा कचरे को लेकर भी समीक्षा की गई।

स्थलीय निरीक्षण पूरा होने के बाद दिल्ली नगर निगम के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय में अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए अब तक किए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। साथ ही पंजाबी बाग हॉटस्पॉट की वर्तमान स्थिति और आने वाले दिनों में प्रस्तावित सुधारात्मक उपायों पर चर्चा की गई।

रूपेश कुमार ठाकुर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदूषण नियंत्रण से जुड़ी कार्रवाई में निरंतरता बनाए रखी जाए। चिह्नित प्रदूषण स्रोतों की नियमित निगरानी करने के साथ विभागों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित किया जाए। जिन स्थानों पर सुधार की आवश्यकता है, वहां बिना देरी के आवश्यक कदम उठाए जाएं।

उन्होंने मौजूदा प्रदूषण सीजन में वायु गुणवत्ता में लगातार आ रही गिरावट को देखते हुए सभी विभागों को सतर्क रहने और सक्रियता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

इस दौरान दिल्ली नगर निगम के पश्चिमी क्षेत्र के उपायुक्त कर्नल विनोद अत्री, सहायक आयुक्त स्वप्निल सिंह ठाकुर, दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति, दिल्ली जल बोर्ड सहित विभिन्न संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Next Story