दिल्ली-एनसीआर

नॉएडा में अग्निपथ के खिलाफ हिंसक उपद्रव के दौरान हुए नुकसान की होगी भरपाई, जानिए पूरी खबर

Admin Delhi 1
18 Jun 2022 7:06 AM GMT
नॉएडा में अग्निपथ के खिलाफ हिंसक उपद्रव के दौरान हुए नुकसान की होगी भरपाई, जानिए पूरी खबर
x

सिटी न्यूज़: केंद्र सरकार की नई भर्ती नीति अग्निपथ के खिलाफ कल हुए हिंसक उपद्रव करने वालों पर गंभीर धाराओं में आपराधिक मुकदमे दर्ज किए गए हैं। जिन लोगों ने सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को क्षति पहुंचाई है, उनसे राज्य सरकार वसूली करेगी। अब तक उत्तर प्रदेश के 13 जिलों में 260 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनके खिलाफ आईपीसी और 7 क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट के तहत संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हुए हैं। बलिया में सबसे ज्यादा 109 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़ और वाराणसी में भी बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां हुई हैं।

पुलिस ने गम्भीर धाराओं में दर्ज किया मुकदमा: गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने शुक्रवार की देर रात एक बयान में कहा है कि थाना जेवर क्षेत्र में अग्निपथ नाम से घोषित नई भर्ती योजना के विरोध में कुछ अराजक तत्व एकराय हो गए। उग्र प्रदर्शन करते हुए सड़क को जाम किया गया। पथराव करके महामार्ग को बाधित किया। सड़क पर खडी एक बस में तोड़फोड़ की गई। घटना में 8 पुलिसकर्मी और एक बस चालक घायल हो गए। थाना जेवर पर मुकदमा अपराध संख्या 225/22 आईपीसी की धाराओं 147, 148, 149, 323, 504, 332, 353, 336, 341, 427 और 7 क्रिमिनल लॉ एमेंडमेंट एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। इस मुकदमें में 75 नामजद और 150 अज्ञात व्यक्ति हैं। अभी तक घटना में शामिल 15 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फ़ोटो, वीडियो और अन्य माध्यमों की सहायता से घटना में शामिल अन्य अराजक तत्वों की पहचान की जा रही है। घटना में शामिल सभी अराजक तत्वों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रदर्शन में शामिल युवकों को समझाने पहुंचे थे पुलिस अफसर: ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर लव कुमार और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। वास्तविक अभ्यर्थियों से वार्ता करके उन्हें इस भर्ती नीति के संबंध में समझाया और जानकारी दी गई। जिसके पश्चात अभ्यर्थी शांत होकर वहां से चले गए।जिन अराजक तत्वों ने शांति व्यवस्था को भंग करने का प्रयास किया है, उनके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने का देश गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने दिया है। पुलिस आयुक्त ने सभी लोगों से शांति बनाये रखने की अपील की है। उन्होंने कहा, "यदि किसी भी व्यक्ति को कोई समस्या है तो वह अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से पुलिस अधिकारी के समक्ष रख सकता है। जिससे उसकी समस्या का निस्तारण किया जा सके। कानून-व्यवस्था में बाधा पहुंचाने का प्रयास करने वाले अराजकतत्वों के विरूद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जायेगी।"

संपत्ति कुर्क करके नुकसान की भरपाई की जाएगी: लखनऊ राज्य मुख्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक इस उपद्रव और हिंसा के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस के महानिदेशक, पुलिस आयुक्तों और एसएसपी को आदेश दिया है कि उपद्रवियों से सख्ती के साथ निपटा जाए। इनकी पहचान की जाए। गिरफ्तारियां करके जेल भेजा जाए। इन लोगों ने जिन सार्वजनिक और निजी संपत्तियों का नुकसान किया है, उनकी भरपाई करने के लिए इनकी प्रोपर्टी कुर्क की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने साफतौर पर कहा है कि विरोध प्रदर्शनों के नाम पर उपद्रव और हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Next Story