- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- छात्रा के साथ दुष्कर्म...
दिल्ली-एनसीआर
छात्रा के साथ दुष्कर्म करने वाला आरोपी जयपुर में हुआ गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर करता था दुष्कर्म
Shiddhant Shriwas
17 Feb 2022 8:16 AM GMT
x
फाइल फोटो
उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया
जनता से रिस्ता वेबडेस्क: मध्य दिल्ली के करोल बाग इलाके में एमबीबीएस कर रही एक छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रजनीश शर्मा (26) के रूप में हुई है। आरोपी खुद दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहा था। दिल्ली लाने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि रजनीश ने उसे शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। दबाव बनाने पर आरोपी दिल्ली छोड़कर वापस जयपुर भाग गया था। करोल बाग थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। रजनीश का पिता गांव अजीतगढ़, राजस्थान में दो बार का प्रधान रह चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक शालू (24) (बदला हुआ नाम) का परिवार उत्तर-पश्चिम दिल्ली में रहता है। शालू दिल्ली कैंट के एक कॉलेज से एमबीबीएस फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रही है। पढ़ाई की वजह से वह करोल बाग के एक पीजी में रहती है। वर्ष 2020 में शालू की मुलाकात रजनीश से हुइ थी। रजनीश भी करोल बाग के पीजी में रहता था। वह सिविल सर्विस की तैयारी करने के अलावा दिल्ली मेट्रो में अस्थाई नौकरी करता था। मेट्रो स्टेशन पर दोनों की मुलाकात हुई और दोस्ती हो गई।
कुछ दिनों बाद दोनों ने एक दूसरे से मिलना शुरू कर दिया। आरोपी रजनीश ने प्यार का इजहार करते हुए पीड़िता से जल्द शादी की बात की। आरोप है कि इसका फायदा उठाकर आरोपी ने बिना उसकी मर्जी के कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता बार-बार शादी के लिए दबाव बनाती थी तो आरोपी टाल देता था। पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी नौकरी छोड़कर वापस जयपुर भाग गया।
परेशान होने के बाद पीड़िता ने 11 फरवरी को मामले की शिकायत करोल बाग थाना पुलिस से की। छानबीन के बाद पुलिस ने फौरन मामला दर्ज कर लिया। आरोपी की तलाश शुरू की गई। टेक्नीकल सर्विलांस की मदद से पुलिस को पता चला कि आरोपी जयपुर में मौजूद है। फौरन एक टीम को जयपुर भेजकर उसे गिरफ्तार कर दिल्ली लाया गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी की एक गर्लफ्रेंड पहले से जयपुर में है। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
Next Story