- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- देवबंद रेलवे स्टेशन पर...
देवबंद रेलवे स्टेशन पर युवकों के दो गुटों में पत्थरबाजी, महिला यात्री सहित दो घायल, मचा हड़कंप

सहारनपुर के देवबंद में दिल्ली-हरिद्वार पैसेंजर ट्रेन के देवबंद रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर युवकों के दो गुटों में जमकर पत्थरबाजी हो गई। जिसमें एक महिला यात्री समेत दो लोग घायल हो गए। पत्थरबाजी के चलते स्टेशन और ट्रेन में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने मौके से भाग रहे कई युवकों को हिरासत ले लिया, जबकि घायल व्यक्ति को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुक्रवार सुबह 11:30 बजे दिल्ली हरिद्वार पैसेंजर ट्रेन जैसे ही देवबंद रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो युवकों के दो गुटों में झगड़ा शुरू हो गया। एक दर्जन से अधिक युवकों ने रेलवे ट्रैक पर पड़े पत्थर उठाकर फेंकना शुरू कर दिए। जिसमें स्टेशन पर बैठा देवबंद के बाबूपुर गांव निवासी नितिन राठी पत्थर लगने से घायल हो गया। वहीं एक महिला यात्री भी पैर में पत्थर लगने से घायल हो गई।
उधर, स्टेशन पर पत्थरबाजी से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी होने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं पुलिस को देख पत्थर फेंकने वाले युवक भागने लगे। जिनमें से पुलिस ने कई युवकों को हिरासत में ले लिया।





