दिल्ली-एनसीआर

प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा की एकदिवसीय कार्यकारिणी बैठक संपन्न

Rani Sahu
1 March 2023 3:46 PM GMT
प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा की एकदिवसीय कार्यकारिणी बैठक संपन्न
x
नई दिल्ली, (आईएएनएस)| दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा की एक दिवसीय प्रदेश कार्यकारिणी बैठक आज नवीन शाहदरा जिला कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, मोर्चा प्रभारी एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष विष्णु मित्तल, प्रदेश भाजपा सोशल मीडिया प्रमुख डॉ. रोहित उपाध्याय, भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री वैभव सिंह सहित मोर्चा के अन्य पदाधिकारी शामिल थे।
वीरेन्द्र सचदेवा ने कार्यकारिणी के प्रथम सत्र को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज दिल्ली भ्रष्टाचार के दलदल में फंसती चली जा रही है। और युवाओं का कर्तव्य है कि इस दलदल से दिल्ली की जनता को निकालने में सक्रिय हों। उन्होंने कहा कि आज किसी प्रदेश के विकास में युवा शक्ति का सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण भूमिका होती है और आज बेहद अफसोस के साथ कहना पड़ रहा है कि दिल्ली में एक ऐसी सरकार बैठी है, जिसने दिल्ली के युवाओं को रोजगार देने की जगह शराब के नशे में धकेलने का का काम किया है।
कार्यकारिणी के तृतीय सत्र को सम्बोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने दिल्ली सरकार की नाकामियों को बैठक के समक्ष अभिव्यक्त किया और कहा कि देश में पहली ऐसी सरकार है जो अपने फायदे के लिए दिल्ली के युवा और महिलाओं को भी नशे में धकेलने से पीछे नहीं हटा। उन्होंने कहा कि आज केजरीवाल सरकार का हर विभाग भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है। आज एक एक कर सब उजागर हो रहा है, जिसका उजागर हमें घर घर जाकर जनसंपर्क के माध्यम से भी करना चाहिए।
द्वितीय सत्र को सम्बोधित करते हुए प्रदेश मोर्चा प्रभारी विष्णु मित्तल ने मोर्चा के कार्यकर्ताओं को आने वाले समय में और जोर-शोर के साथ पार्टी के हर कार्यक्रम में भाग लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि दिल्ली की राजनीति में भाजपा युवा मोर्चा हमेशा ही अग्रणी भूमिका में रहा है और उम्मीद है कि आने वाले 2024 लोकसभा चुनाव में भी मोर्चे की भूमिका प्रमुख रहेगी। जिसके लिये हमें अभी से ही जन सम्पर्क करने की जरूरत है। हमें युवाओं को मोदी एप से जोड़ने में सक्रियता बढ़ानी होगी।
--आईएएनएस
Next Story