दिल्ली-एनसीआर

श्रीकांत त्यागी ने पुलिस कस्टडी में मांगी माफी, नोएडा पुलिस के डर से भागने को मजबूर हुआ

Admin Delhi 1
9 Aug 2022 1:57 PM GMT
श्रीकांत त्यागी ने पुलिस कस्टडी में मांगी माफी, नोएडा पुलिस के डर से भागने को मजबूर हुआ
x

एनसीआर नॉएडा न्यूज़: नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स हाउसिंग सोसायटी में पिछले सप्ताह शुक्रवार को महिला के साथ अभद्रता और मारपीट करने वाले श्रीकांत त्यागी ने माफी मांग ली है। श्रीकांत त्यागी ने पुलिस कस्टडी के दौरान कहा, "मुझसे बहुत बड़ी गलती हुई है। मैं इसके लिए शर्मिंदा हूं और माफी मांगता हूं।" श्रीकांत त्यागी से जब पूछा गया कि नोएडा से क्यों फरार हुए? उसने बताया, "मैं डर गया था। मुझे नोएडा पुलिस का बहुत ज्यादा डर था। इस कारण भाग गया था। जब मामला बढ़ता चला गया तो डर भी बढ़ता चला गया।"

नोएडा से इसलिए भागा क्योंकि नोएडा पुलिस से खौफ था: श्रीकांत त्यागी को आज सुबह गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने मेरठ से गिरफ्तार किया है। पुलिस उसे नोएडा लेकर आई है। शाम 5:00 बजे पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय सेक्टर-108 में प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई। गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर आलोक कुमार सिंह ने पत्रकारों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि श्रीकांत त्यागी से पूछताछ की गई है। पूरे मामले में विस्तार से जानकारी हासिल की गई है। श्रीकांत से जब पूछा गया कि घटना को अंजाम देने के बाद नोएडा से क्यों भाग गए? उसने कहा, "मुझे नोएडा पुलिस का खौफ था इसलिए भाग गया था।"

श्रीकांत ने कहा, मैंने गुस्से में बोला, मेरी गलती है: ओमेक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसाइटी में महिला के साथ अभद्रता करने और मारपीट के सवाल पर श्रीकांत ने कहा, " शुक्रवार को सोसाइटी में जो कुछ हुआ वह मेरी गलती है। मैंने गुस्से में आकर बोल दिया। मैं उस पूरी घटना के लिए शर्मिंदा हूं और माफी मांगता हूं।" नोएडा सेक्टर-108 पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रीकांत त्यागी को ले जाया गया। पुलिस मुख्यालय के सभागार में उसे मीडिया के सामने पेश किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी मौजूद थे। पुलिस श्रीकांत को सीधे लेकर सभागार में पहुंची। पुलिस कमिश्नर आलोक कुमार सिंह ने पूरी जानकारी दी। अब श्रीकांत को गौतमबुद्ध नगर जिला न्यायालय के सामने पेश किया जाएगा।

वेस्ट यूपी में 5 दिनों से छिपा था, बदल रहा था ठिकाने: पुलिस पूछताछ के दौरान श्रीकांत त्यागी ने बताया कि बीते शुक्रवार को नोएडा से भागने के बाद वह पश्चिम उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में घूम रहा था। पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार मोबाइल फोन और सिम बदल रहा था। उसने चार बार अपनी कार बदली है। मेरठ, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में छिपकर रह रहा था। उसने सारे डिवाइस चेंज कर दिए। श्रीकांत त्यागी की मदद उसके पुराने सहयोगी नकुल त्यागी ने की। एक और अन्य व्यक्ति संजय और पुराने ड्राइवर ने मदद की है। पुलिस ने इन तीनों को भी गिरफ्तार कर लिया है। नोएडा से 200 किलोमीटर के दायरे में पिछले 5 दिनों से घूम रहा था। बड़ी बात यह है कि पुलिस को चकमा देने के लिए वह ज्यादा देर किसी एक ठिकाने पर नहीं रुक रहा था।

श्रीकांत को पकड़ने वाली टीम को मिला 3 लाख रुपए का इनाम: पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने बताया, "इस खुलासे पर उत्तर प्रदेश पुलिस के डीजीपी ने श्रीकांत त्यागी और उसके 3 साथियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को एक लाख रुपए का इनाम और उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव ने 2 लाख रुपए का इनाम मिला है। उत्तर प्रदेश के डीजीपी देवेंद्र सिंह चौहान नोएडा पुलिस की इस कामयाबी पर शाबाशी दी है।

Next Story