- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- शूटर दादी की बेटी को...
शूटर दादी की बेटी को मिली जान से मारने की धमकी, कार खड़ी पर हुआ विवाद

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ट्राइडेंट एम्बेसी सोसाइटी में शूटर दादी प्रकाशी तोमर की बेटी और अंतर्राष्ट्रीय महिला शूटर सीमा तोमर से अभद्रता का मामला सामने आया है। सोसाइटी की रिजर्व पार्किंग में कार खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि कार हटाने के लिए कहने पर तीन लोगों ने उनसे अभद्रता और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। अंतर्राष्ट्रीय महिला शूटर की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मूलरूप से बागपत निवासी शूटर दादी प्रकाशी तोमर की बेटी अंतर्राष्ट्रीय महिला शूटर सीमा तोमर ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-एक स्थित ट्राइडेंट एम्बेसी सोसाइटी में रहती हैं। सीमा तोमर भारतीय सेना में कार्यरत हैं। सीमा तोमर ने बिसरख कोतवाली पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया है कि किसी ने उनकी रिजर्व पार्किंग में एक कार खड़ी कर दी थी, जिस पर सोसाइटी का स्टीकर भी नहीं लगा था। सुरक्षाकर्मी ने एक फ्लैट में रहने वाले लोगों को कॉल कर कार हटाने के लिए कहा, तो उन्होंने कार हटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद जब सीमा तोमर ने कॉल कर कार हटाने के लिए कहा तो उनके साथ बदसलूकी की गई। काफी देर तक सीमा तोमर पार्किंग में खड़ी रहकर उनके आने का इंतजार करती रहीं। कुछ देर बाद तीन लोग वहां आए और कार हटाने के बजाय सीमा तोमर से अभद्रता करने लगे और गाली-गलौज की। सीमा ने जब अपने मोबाइल फोन में उनका वीडियो बनाने का प्रयास किया तो वह मोबाइल छीनने लगे। इस बीच सीमा तोमर ने पुलिस को सूचना दे दी।
सीमा तोमर ने बताया कि उनके साथ हुई यह घटना 9 अक्टूबर की है। उन्होंने घटना के दिन ही पुलिस को कॉल कर जानकारी दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। मुकदमा दर्ज कराने के लिए वह तीन बार बिसरख कोतवाली और दो बार पुलिस चौकी गईं। काफी भागदौड़ के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
''मेरे पास भी एक शिकायत पत्र आया था। इसका तुरंत संज्ञान लेते हुए मैंने कोतवाली पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए थे। प्रकरण की पूरी जांच-पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।'' -वृंदा शुक्ला, डीसीपी, महिला सुरक्षा
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।





