दिल्ली-एनसीआर

गेहूं खरीदी पर शिवराज का बड़ा बयान: “बंपर उत्पादन से 100 लाख टन पार, किसानों को पूरा श्रेय”

SHIDDHANT
25 April 2026 10:20 PM IST
गेहूं खरीदी पर शिवराज का बड़ा बयान: “बंपर उत्पादन से 100 लाख टन पार, किसानों को पूरा श्रेय”
x
Delhi दिल्ली: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश में गेहूं खरीदी की समीक्षा के दौरान बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस साल राज्य में बंपर उत्पादन के चलते गेहूं खरीदी का आंकड़ा 100 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच गया है, जो तय लक्ष्य से कहीं अधिक है।
चौहान ने बताया कि विदिशा, सीहोर, देवास और रायसेन जिलों के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और उपार्जन से जुड़े सभी संबंधित लोगों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर खरीदी प्रक्रिया की समीक्षा की गई। इस दौरान किसानों को हो रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर समाधान के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि पिछले साल 77 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी हुई थी, जबकि इस वर्ष 78 लाख टन का लक्ष्य रखा गया था। लेकिन किसानों की मेहनत और अनुकूल परिस्थितियों के चलते उत्पादन और खरीदी दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
केंद्रीय मंत्री ने किसानों की सराहना करते हुए कहा कि “देश के अन्न भंडार को भरने का श्रेय पूरी तरह किसानों को जाता है। वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भी उन्होंने देश को खाद्यान्न के मामले में मजबूत बनाए रखा है।”
उन्होंने यह भी बताया कि खरीदी प्रक्रिया को आसान और सुचारू बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। छोटे, मध्यम और बड़े किसानों के लिए अलग-अलग स्लॉट की व्यवस्था की गई है, रोजाना खरीदी की सीमा बढ़ाई गई है, अधिक खरीदी केंद्र स्थापित किए गए हैं और शनिवार सहित सप्ताह में छह दिन खरीदी का काम किया जा रहा है।
चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी उपज समय पर खरीदी जाए।
Next Story