दिल्ली-एनसीआर

रामलीला मैदान में 31 जुलाई से होगा शिव महापुराण और महायज्ञ

Admin Delhi 1
18 Jun 2022 6:25 AM GMT
रामलीला मैदान में 31 जुलाई से होगा शिव महापुराण और महायज्ञ
x

एनसीआर न्यूज़: गाजियाबाद के रामलीला मैदान में 31 जुलाई से शिव महापुराण और पंच कुंडीय महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यह भव्य आयोजन घंटाघर रामलीला मैदान गाजियाबाद में होगा। श्री शिव महापुराण के साथ नौ दिवसीय और पंच कुंडीय श्री महामृत्युंजय यज्ञ आचार्य प्रेमानंद कौशिक जी महाराज करेंगे। शुक्रवार को आयोजन समिति ने यह जानकारी दी। यह आयोजन राष्ट्रीय जागरूक ब्राह्मण महासंघ, 'मेरी आवाज सुनो' और जन कल्याण समिति के संयुक्त तत्वावधान में होगा। आचार्य प्रेमानंद कौशिक जी महाराज ने कहा, "महामृत्युंजय यज्ञ से व्यक्ति के जीवन में सब प्रकार की बाधा, कष्ट और विघ्न दूर होते हैं। महामारी और बीमारियों से छुटकारा मिलता है। नवग्रहों के द्वारा दिए जाने वाले समस्त कष्ट दूर हो जाते हैं। अतः बड़े हर्ष का विषय है कि सर्वजन कल्याणार्थ राष्ट्रीय जागरूक ब्राह्मण महासंघ और मेरी आवाज सुनो जन कल्याण समिति के तत्वाधान में यह आयोजन हो रहा है। सभी के कल्याण के लिए परम पवित्र श्रावण मास के पावन उपलक्ष में संगीतमय श्रीशिव महापुराण कथा और श्री महामृत्युंजय पंच कुंडीय यज्ञ का आयोजन किया जाएगा।"

भगवान शिव के परम भक्त एवं श्रीशिव शक्ति बगलामुखी आश्रम हस्तिनापुर के संस्थापक आचार्य प्रेमानंद कौशिक जी महाराज शिव महापुराण की पावन कथा का श्रवण करवाएंगे। या योजन गाजियाबाद के घंटाघर रामलीला मैदान में 9 दिनों तक होगा। काशी के महान विद्वानों के द्वारा श्री महामृत्युंजय यज्ञ को संपन्न करवाया जाएगा। राष्ट्रीय जागरूक ब्राह्मण महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरडी शर्मा ने कहा, "हमारी बड़ी अभिलाषा थी कि हमारे नगर में श्री शिव महापुराण एवं श्री महामृत्युंजय यज्ञ हो। जिससे आने वाली अनेक प्रकार की बीमारियों से हमारे देश में निवास करने वाले सभी सुरक्षित रहें। सभी संस्कारी बनें।"

उन्होंने कहा कि ब्राह्मणों के मूल कर्तव्य यज्ञ करना, यज्ञ कराना, दान लेना, दान देना, शिक्षा देना और शिक्षा लेना है। यही मूलभूत कर्तव्य ब्राह्मणों के हैं। समाज को वैदिक धर्म-कर्म में प्रवृत्त करना है। वेद अध्ययन करवाने के लिए गुरुकुल का निर्माण मां भगवती पतित पावनी गंगा के पावन तट पर हस्तिनापुर मेरठ में चल रहा है। राष्ट्रीय जागरूक ब्राह्मण महासंघ और मेरी आवाज सुनो जन कल्याण समिति पंजीकृत एनजीओ हमेशा समाज और देश के हित के लिए समय-समय पर आयोजन करता है। देश की जनता कैसे स्वस्थ रहे, सुरक्षित रहे और उन्नति करे, यही हम सब का उद्देश्य है। राष्ट्रीय जागरूक ब्राह्मण महासंघ द्वारा हस्तिनापुर में गुरुकुल की स्थापना की गई है। जिसमें निर्माण कार्य चल रहा है। जुलाई महीने से वहां पर शस्त्र और शास्त्र की शिक्षा निशुल्क दी जाएगी।

प्रेस वार्ता में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित आर डीशर्मा, संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आचार्य प्रेमानंद कौशिक जी महाराज, संगठन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पंडित कपिल शर्मा, राष्ट्रीय प्रवक्ता पंडित महेश शर्मा, ब्रह्म ऋषि प्रमुख समाजसेवी बीके शर्मा हनुमान, राष्ट्रीय संगठन मंत्री महिला विंग रूबी कौशिक, प्रदेश अध्यक्ष युवा विंग संदीप शर्मा, प्रदेश प्रभारी सुनील शर्मा, महानगर उपाध्यक्ष एडवोकेट योगेंद्र शर्मा, मेरी आवाज सुनो जन कल्याण समिति की प्रदेश अध्यक्ष भक्ति सिंह, महामंत्री नीलम त्यागी, राजकुमारी साहू, अर्चना शर्मा, सीमा, साधना पांडे, अशोक पांडे और विपिन अग्रवाल आदि लोग उपस्थित रहे।

Next Story