दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली के कई स्कूलों को मिली बम धमकी, पुलिस ने जांच शुरू की

Tara Tandi
20 Sept 2025 11:58 AM IST
दिल्ली के कई स्कूलों को मिली बम धमकी, पुलिस ने जांच शुरू की
x
Delhi दिल्ली: राजधानी दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बता दें कि आज सुबह शनिवार को एक बार फिर कई स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम धमकी दी गई। इनमें डीपीएस द्वारका, कृष्णा मॉडल पब्लिक स्कूल और सर्वोदय विद्यालय शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंचे और स्कूलों की तलाशी ली। एहतियातन छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जांच के बाद अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
पहले भी कई संस्थानों को मिली धमकी
हालांकि यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली के शैक्षणिक संस्थानों को ऐसी धमकियां दी गई हैं। दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से अगस्त 2025 के बीच दिल्ली-एनसीआर के करीब 100 से अधिक स्कूलों को बम से उड़ाने की झूठी धमकियां मिल चुकी हैं। बता दें कि इन संस्थानों में डीपीएस वसंत विहार, अमिटी स्कूल साकेत, सलवान पब्लिक स्कूल, मॉडर्न स्कूल, वसंत वैली स्कूल, सेंट स्टीफंस कॉलेज और श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) जैसे नाम शामिल हैं।
जुलाई में चार दिनों में 50 स्कूलों को धमकी
जुलाई 2025 में तो स्थिति और गंभीर हो गई थी, जब सिर्फ चार दिनों में 50 से अधिक स्कूलों को बम की धमकी मिली थी। पुलिस ने जांच के दौरान 17 जुलाई को 12 वर्षीय बच्चे को गिरफ्तार किया था। उसने ई-मेल के जरिए सेंट स्टीफंस कॉलेज और सेंट थॉमस स्कूल को धमकी भेजी थी। हालांकि अब तक मिले सभी मामलों में धमकियां झूठी साबित हुई हैं, लेकिन पुलिस हर शिकायत को गंभीरता से लेकर जांच करती है।
अदालतों को भी मिल चुकी हैं फर्जी धमकियां
स्कूलों के अलावा दिल्ली की अदालतें भी ऐसी फर्जी धमकियों का सामना कर चुकी हैं।
15 फरवरी 2024 को दिल्ली हाईकोर्ट को बम विस्फोट की धमकी दी गई थी, जो जांच के बाद फर्जी निकली।
16 अप्रैल 2025 को द्वारका जिला अदालत परिसर में बम होने की सूचना मिली, जिसके बाद पूरे परिसर को खाली कराया गया।
1 मई 2025 को दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली पुलिस और दिल्ली सरकार को नोटिस जारी कर ऐसे मामलों से निपटने के लिए संसाधनों और तैयारियों की जानकारी मांगी थी।
पुलिस की अपील
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर धमकी को गंभीरता से लिया जाता है और त्वरित कार्रवाई की जाती है। दिल्ली पुलिस साइबर सेल इन ई-मेल्स के स्रोत का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। फिलहाल, शनिवार को मिली धमकियां भी झूठी लग रही हैं, लेकिन जांच पूरी होने तक पुलिस ने सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
Next Story
null