दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली में सात ईवी चार्जिंग स्टेशन का हुआ उद्घाटन

Admin Delhi 1
28 July 2022 5:44 AM GMT
दिल्ली में सात ईवी चार्जिंग स्टेशन का हुआ उद्घाटन
x

दिल्ली न्यूज़: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कल दिल्ली में सभी सुविधाओं से लैस सात ईवी चार्जिंग स्टेशन का उदघाटन किया। यह चार्जिंग स्टेशन डीटीसी के सात डिपो में बनाए गए हैं। इनमें राजघाट, आईपी एस्टेट, कालकाजी, नेहरू प्लेस, महरौली, द्वारका सेक्टर-दो और द्वारका सेक्टर-आठ शामिल हैं। यहां पर धीमी चार्जिंग पर तीन रुपए और फास्ट चार्जिंग पर 10 रुपए प्रति यूनिट शुल्क लिया जाएगा। दिल्ली में बुधवार से 45 चार्जिंग प्वाइंट और बढ़ गए हैं। इससे पहले दिल्ली में दो हजार चार्जिंग प्वाइंट बन चुके हैं। यानी कुल मिलाकर 2046 चार्जिंग प्वाइंट और बन गए हैं। दिल्ली सरकार का दावा है कि दिल्ली में दो पहिया व तीन पहिया इलेक्ट्रिक वाहन और इलेक्ट्रिक ऑटो मालिकों के लिए स्लो चार्जर से तीन रुपए प्रति यूनिट से कम कीमत पर ईवी चार्जिंग की सुविधा दी जा रही है, जो भारत में सबसे कम कीमत है। देश के अन्य राज्यों में औसतन 10 रुपए प्रति यूनिट की दर से ईवी चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध है। परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने एक इलेक्ट्रिक कार को चार्ज करके दिखाया कि इसे चार्ज करना कितना आसान है।

अगले तीन महीने में 500 चार्जिंग प्वाइंट और बैटरी स्वैपिंग स्टेशन होंगे स्थापित: दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली सरकार चार्जिंग प्वाइंट को भी बढ़ा रही है। अभी दिल्ली में करीब 2000 चार्जिंग प्वाइंट और बैटरी स्वैपिंग प्वाइंट हैं। इनमें सिंगल विंडो सुविधा के तहत अब तक 500 चार्जिंग प्वाइंट लगाए हैं। इसके अलावा ईवी वाहन मालिकों की सुविधा के लिए सार्वजनिक चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को और बढ़ाया जा रहा है। इसके लिए दिल्ली के हर कोने में अगले तीन महीने में 100 चार्जिंग स्टेशन बनने हैं। इनसे 500 चार्जिंग प्वाइंट बढ़ेंगे।

अगले साल के अंत तक दो हजार ई-बसें और आएंगी: राजघाट डिपो में आयोजित समारोह के दौरान सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पहले ही 150 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें खरीद चुके हैं और 2023 के अंत तक दो हजार इलेक्ट्रिक बसें और आ जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्लीवालों ने इलेक्ट्रिक वाहन को अपनाना शुरू कर दिया है। दिल्ली बड़ी तेजी से देश की ईवी कैपिटल बन रही है। लोगों की सहूलियत के लिए एक एप भी बनाया गया है। इसकी मदद से लोगों को अपने आसपास स्थित चार्जिंग स्टेशन को तलाशने में मदद मिलेगी। सीएम ने कहा कि एप बहुत काम का है यह ये भी बताएगा कि किस चार्जिंग स्टेशन पर कम भीड़ है। उन्होंने कहा कि पिछले दो साल में दिल्ली में 60846 इलेक्ट्रिक वाहन खरीदे जा चुके हैं। 2020 में जब हम लोगों ने ईवी नीति बनाई थी, तब हमें उम्मीद नहीं थी कि इतना जबरदस्त रिस्पांस मिलेगा। पिछले साल 25809 इलेक्ट्रिक वाहन खरीदे गए थे, जबकि इस साल बीते सात महीने में ही 29848 ईवी खरीदे जा चुके हैं। अब लोग धीरे-धीरे अपने पुराने वाहनों को छोडक़र इलेक्ट्रिक वाहनों की तरफ बढ़ रहे हैं।

Next Story