दिल्ली-एनसीआर

पांडव नगर इलाके में महिला की लाश के टुकड़े मिलने से इलाके में सनसनी

Admin Delhi 1
7 Jun 2022 5:41 AM GMT
पांडव नगर इलाके में महिला की लाश के टुकड़े मिलने से इलाके में सनसनी
x

दिल्ली क्राइम न्यूज़: देर रात एक बैग के अंदर महिला की लाश के टुकड़े मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामला पांडव नगर इलाके का है जहां बैग के भीतर टांगों के चार टुकड़ों के अलावा पेट का कुछ हिस्सा पैक कर उसे झाडिय़ों में फेंका गया था। महिला के शव के टुकड़े मिलने की खबर मिलने के बाद जिले में हडक़ंप मच गया। तुरंत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वहां पहुंचे। शव का सिर, धड़ और हाथ नहीं थे। शुरुआती जांच के बाद पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद शव के कुछ टुकड़ों को बैग में डालकर यहां फेंका गया है। पांडव नगर थाना पुलिस ने इस संबंध में हत्या और सबूत मिटाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मृतका की पहचान के अलावा उसके शव के बाकी हिस्सों की तलाश करने का प्रयास कर रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच पड़ताल कर रही है।

पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त प्रियंका कश्यप ने बताया कि रविवार देर रात को पांडव नगर थाना पुलिस गश्त पर थी। इस दौरान कल्याणपुरी-20 ब्लॉक के सामने रामलीला गाउंड के झाडिय़ों से तेज बदबू आ रही थी। वहां एक बैग पड़ा देखा गया। मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद जैसे ही बैग को खोला गया। पुलिस की टीम के होश उड़ गए। बैग के भीतर मानव शरीर के कुछ हिस्से थे। दोनों टांगों के चार टुकड़ों के अलावा पेट का कुछ हिस्सा बैग में था। टांगे देखकर पुलिस अधिकारियों का कहना था कि मानव अवशेष किसी महिला के थे। रात को ही क्राइम टीम के अलावा एफएसएल को बुलाया गया। काफी देर चली पड़ताल के बाद साक्ष्य जुटाए गए। बाद में अवशेषों को कब्जे में लेकर एलबीएस अस्पताल की मोर्चरी भेज दिए गए। महिला की पहचान के लिए जिपनेट की मदद ली जा रही है। क्राइम टीम के अलावा एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।

Next Story