दिल्ली-एनसीआर

सुरक्षा एजेंसियों को बड़े षड़यंत्र का अंदेशा, चीनी स्लीपर सेल के अड्डे से मिली 3 नोट गिनने की मशीन

Admin Delhi 1
17 Jun 2022 7:33 AM GMT
सुरक्षा एजेंसियों को बड़े षड़यंत्र का अंदेशा, चीनी स्लीपर सेल के अड्डे से मिली 3 नोट गिनने की मशीन
x

दिल्ली एनसीआर क्राइम न्यूज़: ग्रेटर नोएडा में चीनी नागरिकों के अड्डे पर लगातार छानबीन चल रही है। बताया जा रहा है कि भारत की खुफिया एजेंसी और ग्रेटर नोएडा पुलिस को चीनी नागरिकों के इस गेस्ट हाउस से 3 नोट गिनने की मशीनें बरामद हुई है। इस बात की आशंका जाहिर की जा रही है कि चीनी नागरिकों द्वारा भारत की अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचाई जा रही थी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने तीनों नोट गिनने वाली मशीनों को अपने कब्जे में ले लिया है। हालांकि, अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि आखिरकार चीनी नागरिक इस गेस्ट हाउस में क्या कर रहे थे और क्यों अड्डा बनाया हुआ था। वहीं, भारत की सुरक्षा एजेंसियों का दावा है कि यहां पर कोई बड़ा गेम हो रहा था।

चीनी नागरिक सु फाइ को 3 दिन की रिमांड पर भेजा: ग्रेटर नोएडा पुलिस और भारत की खुफिया एजेंसी ने कुछ दिनों पहले चीनी नागरिक व जासूस सु फाइ और उसकी चीनी प्रेमिका को गिरफ्तार किया था। ग्रेटर नोएडा पुलिस ने इन दोनों की रिमांड के लिए कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। जिसके बाद कोर्ट ने दोनों को 3 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। इस दौरान ग्रेटर नोएडा पुलिस के अलावा भारत की कई खुफिया एजेंसी भी दोनों चीनी नागरिकों से पूछताछ करेगी। बताया जा रहा है कि इस दौरान पुलिस को काफी अहम जानकारी हाथ लग सकती है।

कुछ कमरों में कंप्यूटर लॉक लगा हुआ: बीते दिनों जब ग्रेटर नोएडा पुलिस ने चाइनीज नागरिकों के गेस्ट हाउस पर छापा मारा था तो वहां से सभी विदेशी लोग भाग गए थे। इस दौरान पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की और जांच के दौरान चार रूम हाई सिक्योरिटी लॉक मिले। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ कैमरों के दरवाजे पुलिस ने अपनी तकनीकी से खोल दिए हैं। हालांकि, कुछ रूम के ताले अभी तक नहीं खुले हैं, जिनमें कंप्यूटर लॉक लगा हुआ है। माना जा रहा है कि इन कमरों में कुछ महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस को हाथ लग सकती है। पुलिस को चीनी नागरिकों के गेस्ट हाउस से दो लैपटॉप बरामद हुए हैं। जिसका डाटा ग्रेटर नोएडा पुलिस और भारत की खुफिया एजेंसी स्टडी कर रही है।

पकड़ी गई लड़कियों से पूछताछ शुरू: ग्रेटर नोएडा पुलिस ने खुफिया एजेंसी के साथ मिलकर गेस्ट हाउस में मंगलवार की देर रात को छापा मारा था। हालांकि, इसकी सूचना पहले ही मिल गई थी। जिसके बाद गेस्ट हाउस में रुके हुए 20 चाइनीस युवक और 12 विदेशी लड़कियां मौके से भाग गई थी। पुलिस ने मौके से 3 लड़कियों को पकड़ा है, जो नेपाल, मणिपुर और एक दूसरे राज्य की रहने वाली है। इनमें से मणिपुर में रहने वाली लड़की ने बताया कि उसके कुछ दोस्त यहां पर रुके हुए थे, जिनसे वह मिलने आई थी। वहीं, नेपाल की रहने वाली लड़की का कहना है कि वह इस गेस्ट हाउस में खाना बनाती है और इसके अलावा उसको कुछ नहीं पता है।

पुलिस को तीनों लड़कियों पर शक, कॉल डिटेल खंगाली जा रही: पुलिस को शक है कि तीनों लड़कियां पूछताछ के दौरान महत्वपूर्ण बातें छुपा रही है। इसकी जांच के लिए पुलिस ने तीनों लड़कियों की सीडीआर निकालना शुरू कर दिया है। जिससे यह पता चल सके कि इन लड़कियों ने पिछले दिनों किन-किन लोगों से बातचीत की है। इसके आधार पर इसकी भी जांच की जाएगी कि यह तीनों लड़कियां यहां पर कब से रह रही हैं। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने तीनों लड़कियों के कब्जे से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए हैं। जिनके आधार पर आगे की जांच शुरू की जा रही है।

क्या है पूरा मामला: भारत-नेपाल बॉर्डर पर सीमा सशत्र बल ने शनिवार की शाम दो चीनी घुसपैठियों को गिरफ्तार किया। इनसे हुई पूछताछ में चौंकाने वाली बातें सामने आईं। दोनों चाइनीज घुसपैठिए ग्रेटर नोएडा में करीब 15 दिन तक रहकर गए। नेपाल बॉर्डर से वापस भाग रहे थे, तभी सीमा सशस्त्र बल ने गिरफ्तार किया है। दोनों चीन से थाईलैंड होते हुए काठमांडू के रास्ते भारत आए थे। दोनों ने बताया कि नोएडा में अपने दोस्त के पास 15 दिनों तक रहे थे। यह जानकारी मिलने के बाद ग्रेटर नोएडा पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस और इंटेलिजेंस ने आनन-फानन में उन लोगों का पता लगाया, जिनके पास दोनों चीनी घुसपैठ के 15 दिनों तक रहे। इसी सिलसिले में सोमवार को ग्रेटर नोएडा पुलिस ने गुरुग्राम से यह दोनों गिरफ्तारी की हैं। जिसमें एक चीनी नागरिक सु फाइ और दूसरी उसकी प्रेमिका भी शामिल हैं।

Next Story