दिल्ली-एनसीआर

डिजिटल अरेस्ट का खौफनाक खेल, 75 साल की महिला से 30 लाख की ठगी

nidhi
1 Oct 2026 9:39 AM IST
डिजिटल अरेस्ट का खौफनाक खेल, 75 साल की महिला से 30 लाख की ठगी
x
बुजुर्ग महिला बनी डिजिटल अरेस्ट का शिकार
नई दिल्ली: राजधानी के वसंत कुंज इलाके में साइबर ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि ठगों ने 75 वर्षीय बीमार बुजुर्ग महिला को करीब 18 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराए रखा और उनसे लगभग 30 लाख रुपये ठग लिए।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने खुद को जांच एजेंसी या सरकारी अधिकारी बताकर महिला से संपर्क किया। इसके बाद उन्हें किसी मामले में फंसाने की धमकी दी गई और लगातार वीडियो कॉल तथा फोन के जरिए मानसिक दबाव बनाया गया।
ठगों ने महिला को कथित जांच प्रक्रिया का हिस्सा बताकर किसी से संपर्क न करने और लगातार उनके निर्देश मानने को कहा। डर और तनाव के बीच महिला ने अलग-अलग किश्तों में बड़ी रकम ट्रांसफर कर दी। करीब 18 दिन बाद जब परिवार को मामले की जानकारी हुई, तब पूरी ठगी का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस और साइबर क्राइम टीम को शिकायत दी गई। जांच एजेंसियां अब बैंक ट्रांजैक्शन, मोबाइल नंबर और डिजिटल रिकॉर्ड के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।
डिजिटल अरेस्ट साइबर ठगी का ऐसा तरीका है, जिसमें अपराधी पीड़ित को गिरफ्तारी, जांच या कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर लंबे समय तक वीडियो कॉल पर रखते हैं और रकम ट्रांसफर करवाते हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ठगी की रकम किन खातों में गई और इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल थे, इसका पता लगाया जा रहा है।
Next Story