दिल्ली-एनसीआर

समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने नोएडा पुलिस से मांगा 11,50,50,000 रुपये हर्जाना, जानिए पूरा मामला

Admin Delhi 1
13 Aug 2022 1:57 PM GMT
समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने नोएडा पुलिस से मांगा 11,50,50,000 रुपये हर्जाना, जानिए पूरा मामला
x

एनसीआर नॉएडा न्यूज़: उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने गौतमबुद्ध नगर पुलिस को नोटिस भेजा है। उनके वकील की तरफ से भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि स्वामी प्रसाद मौर्य और उनके परिवार को ₹11,50,50,000 की हानि हुई है। यह नुकसान गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर की ओर से प्रेस कांफ्रेंस के दौरान दिए गए एक बयान की वजह से हुई है। जिसमें पुलिस कमिश्नर ने कहा था कि ओमैक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसायटी के रहने वाले श्रीकांत त्यागी की कार पर लगा मिला स्टीकर उन्हें स्वामी प्रसाद मौर्य ने दिया था। पूर्व मंत्री के वकील ने कहा है कि यह नोटिस मिलने के बाद 15 दिनों में इस हर्जाने की भरपाई कर दें। अगर ऐसा नहीं किया गया तो उनके खिलाफ सिविल एक्शन लिया जाएगा। जिसके लिए वह खुद जिम्मेदार होंगे।

स्वामी प्रसाद मौर्य के वकील ने नोटिस में क्या कहा: स्वामी प्रसाद मौर्य के वकील जेएस कश्यप ने नोटिस में कहा है, "प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिए गए बयान से पूर्व मंत्री की मानहानि हुई है। उनके परिवार के प्रत्येक सदस्य के लिए यह नुकसानदायक रहा है। समाज में उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है। इन आरोपों की वजह से वह असहज महसूस कर रहे हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य का मानना है कि यह झूठे और निराधार आरोप जानबूझकर उनकी मानहानि करने के लिए लगाए गए हैं।" वकील का कहना है, "मेरी मुवक्किल कानून के तहत कार्रवाई करने का अधिकार रखते हैं। यह नोटिस मिलने के बाद बिना शर्त सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और समाचार पत्रों में प्रसारित किए गए निराधार आरोपों को वापस लेना चाहिए। मेरे मुवक्किल को इन आरोपों की वजह से भारी नुकसान हुआ है। उनकी मानहानि हुई। मानसिक त्रास से गुजरना पड़ा है। उन्हें और उनके परिवार सम्मान को क्षति हुई है।

मांगा 11,50,50,000 रुपये हर्जाना, 10 करोड़ की हुई मानहानि: वकील की ओर से भेजे गए नोटिस में स्वामी प्रसाद मौर्य की सामाजिक प्रतिष्ठा को हुई हानि के लिए ₹10 करोड़, मानसिक शांति और आघात के लिए एक करोड़ रुपए, परिवार के सम्मान को लगी ठेस के लिए 50 लाख रुपए और कानूनी कार्रवाई के लिए ₹50 हजार का हर्जाना मांगा गया है। कुल मिलाकर स्वामी प्रसाद मौर्य के वकील ने यह नोटिस मिलने के बाद 15 दिनों के भीतर ₹11,50,50,000 की भरपाई करने की मांग गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर से की है।

स्वामी प्रसाद मौर्य ने दिया था एमएलए का स्टीकर : नोएडा पुलिस

आपको बता दें कि बीते शुक्रवार 5 अगस्त 2022 को हाउसिंग सोसायटी में हुई घटना के बाद पुलिस ने श्रीकांत त्यागी के घर पर छापा मारा था। वहां से 4 कार बरामद की थीं। इनमें से एक कार पर उत्तर प्रदेश सरकार का राजकीय चिन्ह और विधायक का स्टीकर लगा हुआ था। पुलिस ने इस बारे में श्रीकांत से पूछताछ की है। इस मामले को लेकर पुलिस ने श्रीकांत के खिलाफ एक और मुकदमा अलग से दर्ज किया है। जिसमें फर्जी दस्तावेज यानी उत्तर प्रदेश सरकार के राजकीय चिन्ह वाला स्टीकर इस्तेमाल करने का आरोप है। श्रीकांत त्यागी ने गौतमबुद्ध नगर पुलिस को बताया है कि यह स्टिकर पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने उसे उपलब्ध करवाया था।

मुकदमा दर्ज होने के 88 घंटे बाद पकड़ा गया था श्रीकांत: दरअसल, 5 अगस्त 2022 की दोपहर श्रीकांत त्यागी ने नोएडा के सेक्टर-93बी में स्थित ग्रैंड ओमेक्स हाउसिंग सोसाइटी में एक महिला के साथ बदतमीजी और मारपीट की थी। इसका वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इस मामले में श्रीकांत के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। वीडियो में दिख रहा था कि श्रीकांत त्यागी बहुत ही गंदी लैंग्वेज में महिला के साथ बदतमीजी कर रहा है। फेस-2 कोतवाली पुलिस ने श्रीकांत के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज होने के 88 घंटे बाद श्रीकांत की गिरफ्तारी दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हुई थी। इन 88 घंटे के दौरान पुलिस को काफी अहम जानकरी हाथ लगी थी।

Next Story