दिल्ली-एनसीआर

साकेत कोर्ट फायरिंग : आरोपी फरीदाबाद से गिरफ्तार

Rani Sahu
21 April 2023 1:32 PM GMT
साकेत कोर्ट फायरिंग : आरोपी फरीदाबाद से गिरफ्तार
x
नई दिल्ली, (आईएएनएस)| दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने शुक्रवार सुबह दिल्ली के साकेत कोर्ट परिसर में एक महिला को गोली मारने वाले व्यक्ति को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है, आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। पीड़ित महिला एम. राधा की उम्र 40 के आसपास है, उनको साकेत कोर्ट में वकीलों के ब्लॉक में गोली मार दी गई थी और उनकी हालत अब स्थिर है।
आरोपी की पहचान कामेश्वर कुमार सिंह के रूप में हुई है, जिसे बार काउंसिल ने प्रतिबंधित कर दिया, उसने वकील की पोशाक पहनकर और बंदूक लेकर अदालत में प्रवेश किया था। उसने वकीलों के ब्लॉक के सामने सुबह साढ़े दस बजे के करीब राधा को गोली मारी।
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें सिंह को महिला के पीछे भागते और उसे गोली मारते देखा जा सकता है। महिला चिल्ला रही है और पास में वकीलों सहित कई लोग खड़े देखे जा सकते हैं।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) चंदन चौधरी ने कहा, उन्हें पेट में और एक हाथ में दो गोलियां लगीं, उन्हें मैक्स साकेत अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत स्थिर है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुल 4-5 राउंड फायरिंग की गई और आरोपी कोर्ट कैंटीन के पिछले हिस्से से फरार हो गए।
डीसीपी ने कहा, आगे की जांच जारी है।
--आईएएनएस
Next Story