दिल्ली-एनसीआर

Sahibabad: सोसायटी में बायोमेट्रिक हैकिंग का प्रयास, मामला दर्ज

Admindelhi1
25 May 2025 10:56 AM IST
Sahibabad: सोसायटी में बायोमेट्रिक हैकिंग का प्रयास, मामला दर्ज
x
पुलिस ने मुकदमा दर्जकर आरोपी की तलाश शुरू की

साहिबाबाद: राजेंद्र नगर के आस्था अपार्टमेंट में चोरी छिपे घुसकर एक अंजान व्यक्ति ने सोसायटी लिफ्ट में लगे बायोमेट्रिक बॉक्स को हैक करने की कोशिश की। लोगों को आता देख आरोपी मौके से भाग निकला। हालांकि बायोमेट्रिक हैक करने से पहले वह पासवर्ड बदल चुका था। मामला 14 मई का है। सोसायटी की रहने वाली महिला अधिवक्ता दीप्ती शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्जकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि अधिवक्ता दीप्ती शर्मा ने मामले की आॅनलाइन शिकायत की थी। उन्होंने अपनी तहरीर में बताया कि आस्था अपार्टमेंट में लिफ्ट को चलाने के लिए बायोमेट्रिक लॉक लगा है। अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों की सहूलियत और सुरक्षा के लिए बायोमेट्रिक लॉक लगाया था। 14 मई की सुबह करीब छह बजे सुरक्षा कर्मियों से छिपते-छिपाते एक व्यक्ति लिफ्ट तक पहुंचा। यहां उसने केबल काटकर पहले लिफ्ट का संचालन बंद किया। इसके बाद बायोमेट्रिक बॉक्स का पासवर्ड बदला।

फिर बॉक्स को हैक कर सोसायटी के लोगों का बायोमेट्रिक डाटा चुराने की कोशिश की। उसी दौरान सोसायटी में रहने वाले एक व्यक्ति के नीचे आने की आहट सुनकर वह भाग निकला। किसी को भागता देख सोसायटी निवासी व्यक्ति ने तुरंत लिफ्ट आॅपरेटर को बुलाया। उसने जांच की तो पता चला कि लिफ्ट के दरवाजे की स्प्रिंग रस्सी कटी हुई थी। लिफ्ट खुली होने का मतलब है कि लिफ्ट का बायोमेट्रिक लॉक हैक कर इसे खोला गया था। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि सोसायटी और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Next Story