दिल्ली-एनसीआर

यमुना नदी में स्नान करते समय डूब गए सगे भाई, तलाश जारी

Admin Delhi 1
17 Oct 2022 7:30 AM GMT
यमुना नदी में स्नान करते समय डूब गए सगे भाई, तलाश जारी
x

सिटी न्यूज़: यमुना नदी में स्नान करते समय दो सगे भाई डूब गए। शामली पुलिस पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर रात तक दोनों भाइयों की तलाश में लगी हुई थी, लेकिन कामयाबी नहीं मिल पाई। घटना हरियाणा सीमा में हुई है। इसकी सूचना हरियाणा पुलिस को भी दे दी गई।

बड़े भाई को बचाने के चक्कर में छोटा भी डूब गया: हरियाणा के जनपद कुरुक्षेत्र के लाड़वा गांव निवासी अश्वनी अपनी पत्नी, दो बेटों 24 वर्षीय दीपक और 22 वर्षीय प्रशांत के साथ रविवार की दोपहर 12 बजे बिड़ोली सादात आए थे। यहां स्थित दरगाह पर मन्नत मांगने आए थे। प्रसाद अर्पित करने से पहले अश्वनी अपने दोनों बेटों के साथ हरियाणा की तरफ यमुना नदी में स्नान करने पहुंच गए। स्नान करते समय दीपक गहरे गड्ढे में चला गया और डूबने लगा। प्रशांत ने उसे बचाने का प्रयास किया तो वह भी डूब गया। पिता अश्वनी ने भी दोनों बेटों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद अन्य लोगों ने उन्हें गहरे पानी में उतरने से रोक लिया। इससे मौके पर हाहाकार मच गया। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। शामली पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने गोताखोर बुलाकर युवकों की तलाश शुरू की: दो युवकों के डूबने की जानकारी मिलने पर हरिनगर बिडौली चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पास के गांव से गोताखोरों को बुलाया। दोनों युवकों की तलाश शुरू की गई। देर रात तक युवकों को तलाश करने का अभियान चल रहा था, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा है। चौकी प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि घटना स्थल हरियाणा राज्य में है। जानकारी मिलने पर हरियाणा पुलिस की टीम भी मौके पर आ गई है। देर रात तक गोताखोरों की टीमें दोनों भाइयों की तलाश में लगी हुई थीं। दोनों बेटों के डूबने के बाद से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। वह दोनों घाट पर बैठे हुए हैं। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए हैं।

आए थे मन्नत मांगने और दोनों बेटों को गंवा बैठे: यह घटना आसपास के पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोगों ने बताया कि दंपति हरियाणा से दरगाह पर मन्नत मांगने आया लेकिन उनकी किस्मत ने धोखा दे दिया। दोनों बेटों को गवा बैठे हैं। दोनों जवान बेटे यमुना नदी में डूब गए हैं। पूरे क्षेत्र में मातम का आलम है। लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। दंपति नदी किनारे घाट पर बैठकर दोपहर से ही विलाप कर रहा है। उनकी हालत को देखकर ग्रामीणों का कलेजा मुंह को आ रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि बिडोली सादात में दरगाह है। यहां हर रविवार को बड़ी संख्या में लोग मन्नत मांगने आते हैं। दरगाह पर पूजा-पाठ करने और प्रसाद चढ़ाने से पहले यमुना नदी में स्नान करने की परंपरा है।

ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से कार सवार पांच घायल: चौसाना क्षेत्र में बिडौली मार्ग पर खोड़समा गांव के पास ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर लगने से कार सवार पांच लोग घायल हो गए। सहारनपुर के थाना तीतरो क्षेत्र के गांव टरडक निवासी जगत सिंह आंखों का आपरेशन कराने के लिए परिवार के अन्य लोगों के साथ कार में सवार होकर हरियाणा के करनाल जा रहे थे। जब वह चौसाना क्षेत्र में बिडौली मार्ग पर खोड़समा गांव के निकट पहुंचे, तो ट्रैक्टर ट्राली के साथ टक्कर हो गई। कार में सवार जगत सिंह, अनिल, जिले सिंह सहित दो अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीर इकट्ठा हो गए। हादसे की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद कार में फंसे घायलों को निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

Next Story