- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- नेपाल आपदा के बीच रैट...

नई दिल्ली: नेपाल में विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन के बाद जारी राहत एवं बचाव अभियान में मदद करने के लिए दिल्ली-NCR के चर्चित 'रैट माइनर्स' की टीम ने आगे आने की इच्छा जताई है। टीम ने नेपाल में फंसे लोगों को निकालने के अभियान में शामिल होने की अनुमति मांगी है। इसके लिए नेपाल के राजदूत को पत्र लिखकर अपनी सेवाएं देने की पेशकश की गई है।
रैट माइनर्स की यह टीम संकरी और मुश्किल जगहों पर खुदाई कर रास्ता बनाने में विशेषज्ञ मानी जाती है। उत्तराखंड की सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को बाहर निकालने के अभियान के अंतिम चरण में रैट-होल माइनिंग तकनीक का इस्तेमाल करने वाले श्रमिकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। मशीनों के सामने आई बाधाओं के बाद इन श्रमिकों ने हाथ से खुदाई कर अंतिम हिस्से में रास्ता बनाया था। नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के बाद कई इलाकों में बड़े पैमाने पर मलबा जमा है। कई लोगों के फंसे या लापता होने की खबरों के बीच अलग-अलग बचाव एजेंसियां अभियान चला रही हैं। ऐसे में दिल्ली-NCR के रैट माइनर्स का मानना है कि संकरी जगहों और मलबे के भीतर फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए उनका अनुभव उपयोगी साबित हो सकता है।





