- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- राजीव त्यागी ने छुट्टी...
राजीव त्यागी ने छुट्टी के बावजूद लिया एडवांट अंडरपास का जायजा

एनसीआर नॉएडा न्यूज़: नोएडा के विकास कार्यों ने गति पकड़ ली है। रविवार को छुट्टी के दिन एक बार फिर नोएडा अथॉरिटी के प्रधान महाप्रबंधक राजीव त्यागी ने शहर की विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का जायजा लिया। उन्होंने नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बन रहे एडवांट अंडरपास का जायजा लिया। इस अंडरपास के बनने के बाद आसपास के इलाकों को बड़ा फायदा होगा। रोजाना हजारों वाहन इस अंडरपास से होकर गुजरेंगे।
एडवांट अंडरपास से इन इलाकों को होगा सबसे ज्यादा फायदा: राजीव त्यागी ने बताया कि नोएडा के सेक्टर-142 में एडवांट अंडरपास बन रहा है। इसका करीब 87 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। आगामी दिनों में यह अंडरपास जनमानस को सौंप दिया जाएगा। यह अंडरपास 830 मीटर लंबा और 4 लेन का है। जिसकी लागत करीब 47 करोड़ रुपए आ रही है। यह अंडरपास महामाया फ्लाईओवर से 10.300 मीटर दूर बनाया जा रहा है। इस अंडरपास के बनने के बाद सेक्टर-135, 136, 137, 141, 142, 167 और 168 को फायदा होगा। इसके अलावा गढ़ी शहदरा, वाजीदपुर, मंगरौली और छपरौली गांववासियों को भी फायदा होगा।
अवकाश के बावजूद काम कर रहा है अमला: आपको बता दें कि नोएडा अथॉरिटी की मुख्य कार्यपालक अधिकारी ऋतु महेश्वरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रगतिरत कामों की एक सूची भेजी है। जिसमें कई बड़ी परियोजनाएं राज्य सरकार '100 डेज प्लानिंग' में शामिल हैं। मतलब, इन्हें 100 दिनों में पूरा करना है। अथॉरिटी के प्रधान महाप्रबंधक राजीव त्यागी और उनके तमाम दूसरे अफसर अवकाश होने के बावजूद शनिवार और रविवार को काम कर रहे हैं। यह लक्ष्य पूरा करने के लिए सब जुटे हैं।
इंजीनियर और एजेंसी पूरे सप्ताह कर रही काम:
राजीव त्यागी ने कहा, "पिछले सप्ताह कोंडली अंडरपास और सेक्टर-168 एसटीपी से जुड़े साप्ताहिक लक्ष्य निर्धारित किए गए थे। रविवार को औचक निरीक्षण किया गया। देखा कि पूरे सप्ताह में कितना काम हो पाया है। लक्ष्य इंजीनियर और एजेंसी ने हासिल किए हैं। हमें भरोसा है कि निर्धारित वक्त में यह दोनों परियोजनाएं पूरी हो जाएंगी।"





