- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- जन्माष्टमी पर रेलवे का...
दिल्ली-एनसीआर
जन्माष्टमी पर रेलवे का तोहफा दिल्ली से चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
nidhi
2 Sept 2026 7:26 AM IST

x
मथुरा वाराणसी का सफर होगा आसान
नई दिल्ली: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा-वृंदावन और वाराणसी जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। उत्तर रेलवे दिल्ली से मथुरा, वाराणसी और रींगस के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। इनमें मथुरा और रींगस जाने वाली ट्रेनें अनारक्षित होंगी, जबकि दिल्ली-वाराणसी स्पेशल में एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे। इन ट्रेनों का संचालन मुख्य रूप से 3 से 6 सितंबर के बीच होगा।
मथुरा के लिए दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें
जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए हजरत निजामुद्दीन से दो जोड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। ट्रेन संख्या 04410/04409 और 04412/04411 का संचालन 3, 4 और 5 सितंबर को होगा।
ट्रेन संख्या 04410 हजरत निजामुद्दीन से सुबह 10:30 बजे रवाना होकर दोपहर 1:05 बजे मथुरा जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में 04409 मथुरा से दोपहर 1:35 बजे चलेगी और शाम 4:45 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।
दूसरी स्पेशल ट्रेन 04412 हजरत निजामुद्दीन से सुबह 9:45 बजे रवाना होगी और दोपहर 12:20 बजे मथुरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 04411 मथुरा से दोपहर 12:50 बजे चलेगी और शाम 4:30 बजे निजामुद्दीन पहुंचेगी। इन ट्रेनों का ठहराव ओखला, तुगलकाबाद, फरीदाबाद, फरीदाबाद न्यू टाउन, बल्लभगढ़, असावती, पलवल, रुंधी, शोलाका, बनचारी, होडल, कोसी कलां, छाता, अझई, वृंदावन रोड और भुतेश्वर जैसे स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है।
दिल्ली से वाराणसी के लिए भी स्पेशल ट्रेन
रेलवे दिल्ली और वाराणसी के बीच ट्रेन संख्या 04446/04445 स्पेशल एक्सप्रेस भी चलाएगा। दिल्ली से वाराणसी जाने वाली ट्रेन 04446 3 और 5 सितंबर को रात 9:10 बजे दिल्ली से रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 3 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04445 4 और 6 सितंबर को वाराणसी से रात 8:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इस ट्रेन में एक सेकेंड एसी, एक थर्ड एसी, 10 स्लीपर और चार सामान्य श्रेणी के कोच सहित कुल 18 कोच लगाए जाने की जानकारी है।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
दिल्ली-वाराणसी स्पेशल ट्रेन नई दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, अयोध्या कैंट और जौनपुर जंक्शन पर रुकेगी। दिल्ली से चलने के बाद ट्रेन अगले दिन सुबह 6:30 बजे लखनऊ पहुंचेगी और 6:40 बजे वहां से रवाना होकर दोपहर तीन बजे वाराणसी पहुंचेगी। रेलवे का उद्देश्य जन्माष्टमी के दौरान नियमित ट्रेनों पर बढ़ने वाले दबाव को कम करना और श्रद्धालुओं को मथुरा-वृंदावन तथा वाराणसी जैसे धार्मिक स्थलों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराना है। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की ताजा टाइमिंग और ठहराव की जानकारी रेलवे हेल्पलाइन 139, रेल मदद या आधिकारिक रेलवे माध्यमों से जांचने की सलाह दी गई है।
Next Story





