दिल्ली-एनसीआर

लोक निर्माण विभाग नेहरू प्लेस-ओखला, सावित्री सिनेमा के लिए दूसरा फ्लाईओवर बनाने की तैयारी में

Admin Delhi 1
1 Feb 2023 12:10 PM IST
लोक निर्माण विभाग नेहरू प्लेस-ओखला, सावित्री सिनेमा के लिए दूसरा फ्लाईओवर बनाने की तैयारी में
x

दिल्ली: आबादी बढ़ने से शहरों में जाम की स्थिति होना आम बात है। इससे निपटने के लिए फ्लाईओवर खड़ा किया जाता है। राजधानी दिल्ली में नेहरू प्लेस, ओखला और दूसरे इलाकों में जाने वाली सड़क पर ट्रैफिक की भीड़ कम करने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) सावित्री सिनेमा के पास दूसरा फ्लाईओवर बनाने की योजना बना रहा है। सबसे पहले इसके बारे में 2016 में प्लान किया गया था। आउटर रिंग रोड के इस हिस्से में लगातार जाम की समस्या पैदा होने से अब इस प्लान पर फिर से विचार किया जा रहा है। PWD के एक अधिकारी ने बताया, 'प्रोजेक्ट को UTTIPEC और दिल्ली अर्बन आर्ट कमीशन से पहले ही मंजूरी मिल चुकी है, हम सावित्री सिनेमा क्रॉसिंग पर ट्रैफिक को आसान बनाने के बारे में सोच रहे हैं। इसका आसपास के इलाकों में एक सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।'

PWD विभाग मौजूदा सिंगल-कैरिवजे फ्लाईओवर के साथ एक कैरिजवे जोड़ना चाहता है। स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर में ट्रांसपोर्ट प्लानिंग के प्रोफेसर सेवा राम ने कहा, 'अभी चौड़ाई पर्याप्त नहीं है, ऐसे में पीक आवर्स में जाम लगता है। बाकी वक्त में भी सुरक्षित ट्रैफिक नहीं चलता है। अंबेडकर नगर और महरौली की तरफ से आ रहे ट्रैफिक के आने से स्थिति और मुश्किल हो रही है।' सेवा राम ने कहा कि चिराग दिल्ली फ्लाईओवर से उतरने के फौरन बाद ट्रैफिक तीन हिस्सों में बंट रहा है- कुछ लोग नेहरू प्लेस की तरफ जाते हैं, कुछ लोग दाहिनी तरफ जाते हैं और यू-टर्न लेते हैं। जीके एन्क्लेव के सामने ट्रैफिक स्लो रहता है।

स्थानीय निवासी चेतन शर्मा जीकेII रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशंस के चेयरमैन हैं। उन्होंने कहा कि अभी GKII की तरफ जाने वाली रोड पर एक टर्निंग है, ऐसे में जो सीधा नेहरू प्लेस की तरफ जाना चाहते हैं वे लेफ्ट लेन में जाकर जाम में फंस जाते हैं। खासतौर से पीक टाइम में विकराल स्थिति पैदा हो जाती है। हालांकि एक कैरिजवे को बढ़ाना मुश्किल काम है क्योंकि जगह सीमित है। ग्रेटर कैलाश मेट्रो स्टेशन, कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स, रिहायशी पॉकेट और हो ची मिन्ह मार्ग पर बस स्टैंड होने से चुनौतियां ज्यादा हैं। कई छोटी दुकानें भी हैं और इस हिस्से में प्राइवेट ऑफिसों के एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स हैं।

सेवा राम कहते हैं कि मोटरकार वालों को राहत देने के लिए यह काम जरूरी है पर चुनौती तो है। ऐसे में डिजाइन जरा हटकर बनाना होगा। लेफ्ट साइड को ध्यान में रखते हुए दाहिनी तरफ के लेन को रोकना होगा और यह स्थानीय ट्रैफिक को प्रभावित करेगा। अभी जो सिंगल कैरिजवे फ्लाईओवर है उसे 2001 में बनाया गया था। चेतन शर्मा ने कहा कि अच्छी बात है कि पीडब्ल्यूडी विभाग प्रोजेक्ट पर फिर से विचार कर रहा है।

सावित्री सिनेमा चौक के लिए गुड न्यूज:

सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर के अलावा एक और फ्लाईओवर बनाने का है प्लान

सावित्री सिनेमा क्रॉसिंग पर जाम खत्म करना है मकसद

नेहरू प्लेस, ओखला, IGI एयरपोर्ट, ग्रेटर कैलाश, सीआर पार्क और पंपोश एनक्लेव जाने वालों को होगा फायदा

नए फ्लाईओवर में दो लेन होंगे

चिराग दिल्ली फ्लाईओवर पर अपडेट

रिपेयरिंग वर्क के लिए चिराग दिल्ली फ्लाईओवर को बंद करने का प्लान एक हफ्ते के लिए टाला जा सकता है। पहले इसे 1 फरवरी से बंद किया जाना था।

Next Story