- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- बनाम लाल डायरी पर...
बनाम लाल डायरी पर नारेबाजी मामले में कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

नई दिल्ली। मणिपुर पर प्रधानमंत्री के बयान की मांग को लेकर लगातार पांचवे दिन बुधवार को भी लोक सभा में विपक्षी दलों का हंगामा जारी रहा। बुधवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सदन ने कारगिल की लड़ाई के शहीदों को नमन करते हुए खड़े होकर मौन रहकर श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जैसे ही प्रश्नकाल की कार्यवाही को शुरू किया, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी और गौरव गोगोई ने खड़े होकर अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस का जिक्र किया। इस पर स्पीकर ने चौधरी को कहा, आप अनुभवी सांसद हैं और नियम प्रक्रिया की जानकारी आपको है।
इस बीच कांग्रेस, डीएमके और टीएमसी सहित कई दलों के सांसद मणिपुर पर प्रधानमंत्री के बयान वाले बैनर लहराते हुए वेल में आकर नारेबाजी करने लगे।
सत्ता पक्ष की तरफ से राजस्थान के भाजपा सांसदों ने अपनी-अपनी सीटों पर खड़े होकर सदन में लाल डायरी लहराते हुए अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
इससे पहले राजस्थान भाजपा सांसदों ने प्रभारी अरुण सिंह के साथ संसद भवन परिसर के गेट नंबर 4 पर भी लाल डायरी लेकर गहलोत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया था।
इस बीच पश्चिम बंगाल के भाजपा सांसदों ने भी अपनी-अपनी सीट पर खड़े होकर ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ नारे लगाने शुरू कर दिए। नारेबाजी और हंगामे के बीच बिरला ने सदन चलाने का प्रयास किया लेकिन नारेबाजी जारी रहने पर उन्होंने सदन की कार्यवाही को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।





