- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- प्रियंका हत्याकांड:...
प्रियंका हत्याकांड: बेटी की मौत पर पिता ने सुनाई दर्दभरी कहानी

नई दिल्ली। दिल्ली में दहेज प्रताड़ना और हत्या के एक मामले ने एक बार फिर समाज को झकझोर दिया है। दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल मनीष भाटी पर अपनी पत्नी प्रियंका भाटी की हत्या का आरोप लगा है। प्रियंका के पिता ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी न होने के कारण उनकी बेटी को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था और आखिरकार उसके जन्मदिन के दिन ही उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। बेटी की मौत के बाद थाने पहुंचे पिता अजीत की आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने पुलिस से आरोपी पति और उसके परिवार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पिता का कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि जिस दामाद को बेटी की खुशियों की जिम्मेदारी सौंपी थी, वही उसकी जान ले लेगा।
50 लाख रुपये दहेज मांगने का आरोप
प्रियंका के पिता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपी पक्ष की ओर से करीब 50 लाख रुपये की मांग की गई थी। शादी के समय भी बड़ी रकम की मांग की गई थी, लेकिन परिवार अपनी क्षमता के अनुसार ही दे पाया था। प्रियंका के भाई नितिन ने बताया कि शादी में आरोपी मनीष और उसके परिवार ने 25 लाख रुपये नकद की मांग की थी, लेकिन मायके पक्ष की ओर से 15 लाख रुपये ही दिए जा सके थे। इसके बाद से ही ससुराल पक्ष नाराज रहने लगा था।
शादी के अगले दिन से प्रताड़ना का आरोप
परिवार का कहना है कि प्रियंका शादी के बाद से ही परेशान थी। उसने कई बार मायके वालों को अपनी परेशानी बताई थी। प्रियंका ने वर्ष 2024 में महिला अपराध शाखा को शिकायत भी दी थी, जिसमें उसने पति और ससुराल वालों पर मारपीट और दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। शिकायत में उसने आरोप लगाया था कि शादी के अगले दिन ही पति मनीष शराब के नशे में घर आया और दहेज को लेकर उसके साथ मारपीट की। उसने सास और जेठानी पर भी गाली-गलौज और उत्पीड़न के आरोप लगाए थे।
जन्मदिन पर नहीं मिली शुभकामना
प्रियंका के पिता ने बताया कि घटना वाले दिन उनकी बेटी का जन्मदिन था। उन्होंने दिन में फोन कर उसे जन्मदिन की शुभकामनाएं दी थीं। बातचीत के दौरान प्रियंका ने बताया था कि पति मनीष ने उसे जन्मदिन की बधाई तक नहीं दी। पिता ने भावुक होकर कहा कि उन्हें नहीं पता था कि जो पति पत्नी को जन्मदिन की शुभकामना तक नहीं देगा, वही उसे मौत का तोहफा दे देगा।
पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग
प्रियंका के परिवार ने मामले की गहन जांच की मांग की है। परिवार का आरोप है कि मनीष ने घटना को पहले से योजना बनाकर अंजाम दिया। उन्होंने दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। परिवार ने सवाल किया कि पुलिस कांस्टेबल होने के बावजूद मनीष अपनी सर्विस पिस्टल घर कैसे ले गया। उनका कहना है कि नियमों के अनुसार हथियार जमा होना चाहिए था, इसलिए इसकी भी जांच होनी चाहिए।
परिवार ने पहले भी की थी शिकायत
प्रियंका के भाई ने बताया कि उनकी बहन को होने वाली परेशानी की जानकारी परिवार को थी। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें अंदाजा होता कि मामला इतना गंभीर हो जाएगा तो वे प्रियंका को दिल्ली नहीं भेजते। परिवार ने आरोप लगाया कि मनीष घर के खर्च में भी सहयोग नहीं करता था। अपनी जरूरतों के लिए प्रियंका ने एक निजी स्कूल में पढ़ाना शुरू किया था और उसी से अपना खर्च चलाती थी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी कांस्टेबल मनीष भाटी के खिलाफ लगे आरोपों, हथियार के इस्तेमाल और दहेज प्रताड़ना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिवार आरोपी और उसके साथ जुड़े लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है।





